यूपी: गुस्साए किसानों ने दो बसों में सवार कर्मचारियों को बनाया बंधक, जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गन्ना डालने के लिए पर्याप्त इंडेंट जारी करने की मांग को लेकर गांव पीनना में ग्रामीणों ने बस द्वारा ड्यूटी पर जा रहे तितावी शुगर मिल के करीब 90 कर्मचारियों को बंधक बना लिया। करीब तीन घंटे तक हुए हंगामे के बाद पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने कर्मचारियों को छोड़ा। मामला यूपी के मुजफ्फरनगर शहर का है।
तितावी शुगर मिल के कर्मचारियों को ड्यूटी पर ले जा रही दो बसों को शुक्रवार सुबह करीब 8.45 बजे गांव पीनना में पहुंचने पर किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रोक लिया। जिलाध्यक्ष सुमित मलिक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए मिल में गन्ना डालने के लिए पर्याप्त इंडेंट जारी करने की मांग की। हंगामे के दौरान बसों में मौजूद एक भी कर्मचारी को नीचे उतरने तक नहीं दिया। करीब तीन घंटे तक सभी कर्मचारी बसों में ही बैठे रहे। कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने और हंगामे की सूचना पर एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र, जिला गन्ना अधिकारी डॉक्टर आरडी द्विवेदी और तितावी मिल के डिप्टी मैनेजर विवेक कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की।
किसानों ने आरोप लगाया कि तितावी शुगर मिल द्वारा गन्ना डालने के लिए पर्याप्त इंडेंट नहीं दिया जा रहा है और न ही किसानों को पर्चियां ही दी जा रहीं हैं। हंगामे के बाद अफसरों ने किसानों व ग्रामीणों को जल्द से जल्द इंडेंट जारी कराने के साथ ही पर्याप्त पर्चियां जारी कराने का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद कहीं जाकर दोनों बसों को मुक्त किया गया। मौके पर सतवीर मलिक, सतेंद्र, संजीव, सुनील, अमरपाल, अनुज, मिंटू, रोशन, जगपाल, रवि, भूपेंद्र, देवेंद्र, महावीर, सतपाल और रविंद्र आदि मौजूद रहे। उधर, मिल अधिकारियों के मुताबिक तितावी शुगर मिल की दो स्टाफ बसें मुजफ्फरनगर और आसपास क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी पर ले जाती हैं। गांव पीनना पहुंचने का दोनों बसों का समय सुबह 8.45 बजे का है। शुक्रवार को दोनों बसों में करीब 90 कर्मचारियों का स्टाफ मौजूद था। दोनों बसों के साथ ही सभी कर्मचारियों को भी करीब तीन घंटे तक बंधक बनाया गया, जिसके चलते शुगर मिल प्रबंधन को भी इतनी देर तक कर्मचारियों के संकट से जूझना पड़ा।
पूरे जनपद की सभी शुगर मिलों से करीब दो लाख किसान संबद्ध हैं। एक साथ सभी किसानों को पर्चियां जारी नहीं की जा सकतीं। कलेंडर के हिसाब से ही पर्ची जारी होती हैं। गेहूं की बुआई के कारण इस समय गन्ना काटने को लेकर जबरदस्त दबाव है। यह प्रयास किया जा रहा है कि चीनी मिलें पूरी क्षमता के साथ पेराई करें, जिससे किसानों को राहत मिले। आरडी द्विवेदी, जिला गन्ना अधिकारी।
स्टाफ बसों को बंधक बनाने की सूचना पर वे मिल के डिप्टी मैनेजर और जिला गन्ना अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। पर्याप्त इंडेंट जारी करने का आश्वासन देते हुए लोगों को समझाबुझाकर शांत करते हुए कर्मचारियों को मुक्त करा दिया गया। कुमार धर्मेंद्र, एसडीएम सदर।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/