बाबा रामदेव के आश्रम जा रहे ट्रक को बदमाशों ने लूटा, दिनभर सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
यूपी के मुजफ्फरनगर में हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर करीब सात लाख रुपयों की कीमत के गेहूं से भरे ट्रक को लूट लिया। ट्रक में गेहूं की 380 बोरी लदी हुई थी। गेहूं मध्यप्रदेश से हरिद्वार में बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ में जा रहा था। सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव के मुताबिक ट्रक दौराला क्षेत्र में लूटा गया था। पुलिस ने मेरठ के लावड़ कस्बे के पास से सड़क पर खड़े लूटे ट्रक को बरामद कर लिया है।
मध्यप्रदेश के जिला मुरैना निवासी चालक राजू पुत्र हरविलास अपने क्लीनर रामनाथ पुत्र बुआराम के साथ ट्रक में गेहूं से भरी 380 बोरियों को लादकर हरिद्वार में बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ में ले जाने के लिए चला था। बुधवार की देर रात करीब एक बजे हाईवे पर सफेद रंग की कार सवार पांच हथियारबंद बदमाशों ने चालक और क्लीनर को गन प्वाइंट पर लेकर गेहूं सहित ट्रक को लूट लिया था। बदमाश चालक राजू व क्लीनर रामनाथ को बंधक बनाकर मेरठ के थाना दौराला क्षेत्र के कस्बा लावड़ के पास ही गन्ने के खेत में डालकर फरार हो गए थे।
गुरुवार की सुबह चालक और क्लीनर किसी तरह से बंधकमुक्त होकर दौराला पुलिस चौकी पर पहुंचे और लूट की घटना की जानकारी दी। दौराला पुलिस ने घटनास्थल रतनपुरी का बताकर उनको खतौली भेज दिया। सूचना मिलने पर खतौली और रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। रतनपुरी पुलिस ने बदमाशों को तलाश करना शुरू कर दिया। पुलिस को गुरुवार की शाम दौराला क्षेत्र के कस्बा लावड़ के पास ही सड़क किनारे लूटा गया ट्रक माल समेत खड़ा मिला। ट्रक मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने बताया कि लूट का घटनास्थल दौराला क्षेत्र निकला और लूटा गया ट्रक माल समेत दौराला क्षेत्र से ही बरामद हो गया है।
थाना दौराला पुलिस ट्रक लूट की घटना को रतनपुरी पुलिस पर थोपना चाहती थी। इसलिए चालक व क्लीनर को लेकर दौराला पुलिस गुरुवार की सुबह हाईवे बाईपास पर रतनपुरी क्षेत्र में छोड़कर चली गई।
इसके बाद चालक ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को लूट की घटना की सूचना दी। लूट की सूचना से खतौली व रतनपुरी पुलिस में हड़कंप मच गया। चालक व परिचालक ने रतनपुरी पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उनका ट्रक दौराला क्षेत्र में लूटा है। इसके बावजूद दौराला पुलिस नहीं मान रही थी। इस कारण शाम तक रतनपुरी और दौराला पुलिस घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद में उलझी रही।
वहीं सीओ हरिराम यादव ने बताया कि कस्बा लावड़ से ट्रक बरामद होने पर अब दौराला पुलिस ने लूट का क्षेत्र अपने यहां होना मान लिया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/