विधायक संगीत सोम व दर्जा प्राप्त मंत्री में जंग तेज, अब एक और ऑडियो वायरल, प्रांतीय नेतृत्व तक पहुंची रिपोर्ट
- सोम और भराला गुट में चरम पर रार.. तेज हुआ ऑडियो वार
- नई बात नहीं भाजपा में अंदरूनी लड़ाई, अब खुलकर सामने आ रही गुटबाजी
- विधायक संगीत सोम और सुनील भराला समर्थकों के जरिए लगा रहे आरोप-प्रत्यारोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चर्चित सरधना विधायक ठा. संगीत सोम और उप्र श्रम कल्याण बोर्ड परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला गुट में वर्चस्व की जंग छिड़ी है। दोनों ही पक्षों में एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप की लड़ाई रोजाना के ऑडियो वार से तेज हो रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह के पिता मुखिया गुर्जर को लॉक डाउन के दौरान पुलिस द्वारा रोकने बाद हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें फेसबुक पर जारी एक वीडियो में सुनील भराला के छोटे भाई और किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय भराला ने पुलिस पर अभद्र टिप्पणी की थी।
इसे लेकर इंचौली थाने में अजय भराला के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसे लेकर चर्चा थी कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाला व्यक्ति सरधना विधायक संगीत सोम का समर्थक है। यहीं से सुनील भराला और संगीत सोम के बीच ठन गई।
जमीन का मामला भी जुड़ा
इस बीच लावड़ में एक जमीन और उस पर निर्माण को लेकर एक पक्ष ने विधायक पर जमीन पर कब्जा करने वालों का सहयोग करने का आरोप लगाया। इसमें चर्चा रही कि आरोप लगाने वाला पक्ष भाजपा नेता सुनील भराला गुट से है। यह मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक वायरल ऑडियो और वीडियो ने गुटबाजी की पोल खोल दी।
ऑडियो में जहां अजय भराला बसपा से जुड़े व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए विधायक संगीत सोम पर आरोप लगा रहे हैं तो अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, वीडियो में वही व्यक्ति जिससे अजय भराला की बात हुई थी, वह अपनी सफाई में धोखे से ऑडियो क्लिप तैयार कराने और अजय भराला से अपनी जान का खतरा बता रहा है।
सील खुलवाने को लिए दो लाख रुपए
अब एक नया ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति किसी कोल्हू संचालक से बात कर रहा है। इस वार्ता में कोल्हू संचालक बता रहा है कि प्रदूशष नियंत्रण बोर्ड द्वारा कोल्हू सील किए गए थे। उनकी सील खुलवाने के लिए उस सहित 11 कोल्हू संचालकों ने दो लाख रुपये इकट्ठा कर अजय भराला को दिए, तब जाकर सील खुली।
पीड़ितों को करो एकजुट
एक और ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें कोई ईश्वर चंद नाम का व्यक्ति किसी से बात करते हुए कह रहा है कि विधायक संगीत सोम से जितने भी पीड़ित हैं, उन सबको इकट्ठा करो। इन सभी की बैठक होगी, जिसमें पं. सुनील भराला ही हमारी बात लखनऊ तक पहुंचाकर न्याय दिला सकते हैं।
प्रांतीय नेतृत्व ने बैठायी जांच
इस पूरे मामले पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने प्रांतीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेज दी है। जिस पर जांच भी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि प्रांतीय नेतृत्व इस पूरे प्रकरण में जल्दी ही कार्रवाई तय कर सकता है।