Meerut: युवकों ने हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर डाली तस्वीरें, छानबीन में जुटी पुलिस
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में लगातार अवैध हथियारों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां आए दिन जहां अपराध की वारदातें हो रही हैं, वहीं युवा आए दिन हथियारों के साथ रील वायरल कर रहे हैं।
विस्तार
हस्तिनापुर में सोशल मीडिया पर थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ युवकों के फोटो हथियारों के साथ वायरल होने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना पुलिस को अभी कोई जानकारी नहीं है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में लगातार अवैध हथियारों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिसके कारण समय-समय पर युवा सोशल मीडिया पर इनका खुले आम प्रदर्शन करते देखे जा रहे हैं। थाना पुलिस इन युवकों पर कोई अंकुश लगाती नजर नहीं आ रही है।
अपना वर्चस्व बनाने के लिए धड़ाधड़ सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो वायरल किया जा रहे हैं। जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बनाने का प्रयास हो रहा है। ऐसा ही एक मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में नजर आया है जहां पर कुछ युवक हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर नजर आ रहे हैं।
वायरल फोटो में उनके हाथों में खुले आम अवैध हथियारों का प्रदर्शन हो रहा है। 24 घंटे से यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं परंतु थाना पुलिस अभी मामले से अनजान बनी हुई है। जबकि क्षेत्र के लोग लगातार अवैध हथियारों के साथ नजर आ रहे युवकों की शिकायत पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से कर रहे हैं।
इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि अवैध हथियारों के साथ वायरल किए गए फोटो से गांव में दहशत का माहौल पैदा करना है। हालांकि यह हथियार लाइसेंसी है या अवैध यह पुलिस की जांच का विषय है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के निडावली में भी करीब एक सप्ताह पूर्व हथियारों के साथ एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था इसके बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने मामला संज्ञान में आते ही हथियारों के लाइसेंस को निरस्तीकरण करने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी थी।