Meerut: लोहे के तार पर कपड़े डाल रहे छात्र की करंट से मौत, पसरा मातम, घर का इकलाैता चिराग था कार्तिक
मेरठ के भावनपुर में लोहे के तार पर कपड़े डालने के दाैरान करंट लगने से छात्र की माैत हो गई। बताया कि छात्र को अचानक तेज करंट लगा और उसने तड़पकर दम तोड़ दिया।
विस्तार
मेरठ के भावनपुर में लोहे के तार पर सूखने के लिए कपड़े डाल रहे छात्र कार्तिक की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया। परिवार में इकलौते बेटे की मौत से गांव में भी मातम छा गया।
नहाने के बाद तार पर कपड़े सूखने के लिए डाल रहा था कार्तिक
भावनपुर निवासी कुलदीप ट्रक चलाते हैं। उनका पुत्र कार्तिक(16) गांव के ही अनुपमा इंटर कॉलेज में दसवीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार सुबह करीब पांच बजे वह स्कूल जाने से पहले नहाने के बाद पूजा की तैयारी कर रहा था। इससे पहले वह लोहे के तार पर कपड़े डालने लगा। तभी वह तार में अचानक उतरे करंट की चपेट में आ गया। वह अचेत होकर गिर गया।
यह भी पढ़ें: पत्नी की हत्या: तूफान फैन चलाया, बल्ब उतारकर कमरे में किया अंधेरा, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
तार पर लटकाया था होल्डर, इसी में उतरा करंट
कार्तिक को इस हालत में देख परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला ने बताया कि परिजनों ने घटना की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया गया कि कार्तिक जिस तार पर कपड़े डाल रहा था, उसी पर घर में रोशनी के लिए होल्डर में बल्ब लगा था। इसी तार में करंट उतर आया और कार्तिक उसकी चपेट में आ गया।
ग्रामीणों के मुताबिक कार्तिक पढ़ने में काफी हाेशियार था। हादसे में उसकी मौत से पिता कुलदीप, मां सोनिका और छोटी बहन पलक का रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने किसी तरह उन्हें संभाला। अभी दिवाली समेत अन्य त्योहारों पर परिवार बेहद खुश था। अब इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है।