हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट के दलालों का नेटवर्क ध्वस्त करेगी स्पेशल टीम, अमर उजाला ने किया था खुलासा
मेरठ शहर से लेकर एनसीआर में चल रहे ऑनलाइन हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट के मामले में उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर दी गई है। आईजी आलोक सिंह ने बताया कि रेंज स्तर की यह टीम एसएसपी मेरठ के निर्देशन में काम कर इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करेगी।
अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसमें बताया गया था कि देह व्यापार के दलालों ने रेड लाइट एरिया से इतर किसी मार्केटिंग वेबसाइट की तर्ज पर अपना नेटवर्क पूरी तरह से फैला लिया है। यह वेबसाइट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा के अलावा वाराणसी, आगरा, कानपुर, लखनऊ, गुरुग्राम, फरीदाबाद, देहरादून सहित कई बड़े शहरों में संचालित है। वेबसाइट के जरिये इन शहरों और उनसे जुड़े रिमोट एरिया में कई होटलों और फ्लैटों में कॉल गर्ल के अलावा एडल्ट पार्टी, वाइफ स्वैपिंग, मेल प्रॉस्टिट्यूट की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है।
आईजी रेंज आलोक सिंह के अनुसार इस तरह के अनैतिक कार्यों का संचालन यह संगठित गिरोह की तर्ज पर होना प्रतीत हो रहा है। इसके चलते इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए रेंज के सभी जिलों में साइबर क्राइम सेल के जरिये पूरा डाटा खंगाला जा रहा है। इस रैकेट से जो भी आरोपी जुड़े हैं, उनकी निश्चित तौर पर गिरफ्तारी कराई जाएगी।
दलाल ने दी धमकी
जिस एजेंट से व्हाट्सएप पर चैट प्रकाशित की गई थी, उस एजेंट ने गुरुवार को अपना व्हाट्सएप अकाउंट ही डिलिट कर दिया। जबकि खबर प्रकाशित होते ही कुछ नंबर जहां बंद कर दिए गए तो कुछ नंबरों पर दिन भर बातें होती रहीं।
वहीं, ऑनलाइन सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने पर एक एजेंट ने गुरुवार को पत्रकार को वायस मैसेज भेजकर गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। आईजी रेंज ने इस धमकी को संज्ञान में लेते हुए कहा कि आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी कराई जाएगी।
निगरानी शुरू करा दी है
मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा के साइबर सेल संयुक्त रूप से इस नेटवर्क की जांच करेंगे। इस हाईप्रोफाइल रैकेट की निगरानी शुरू करा दी गई है। वेबसाइट चलाने वाले कौन लोग हैं, उनके अलावा इनसे जुड़े होटल संचालकों की भूमिका भी जांची जाएगी। - आलोक सिंह, आईजी रेंज
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/