मेरठ : आनंद अस्पताल में हुई ऑक्सीजन की किल्लत, 173 मरीजों की सांसें फूलीं, 10 को किया शिफ्ट
मची अफरातफरी, तीमारदार खुद जुटे ऑक्सीजन के इंतजाम में, 10 मरीज किए गए शिफ्ट
विस्तार
पूरे देश में ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मचा है। बृहस्पतिवार को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने से 25 मरीजों की मौत हो गई थी। दिल्ली जैसी ही घटना मेरठ के आनंद अस्पताल में भी होने से बाल-बाल बच गई। करीब 12:30 जैसे ही ऑक्सीजन सिलेंडर से भरा ट्रक पहुंचा, कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें लगाया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसीएमओ डॉ. पूजा शर्मा ने बताया कि दस मरीजों को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत है, एहतियातन उन्हें आर्यावर्त अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। ताकि कोई दिक्कत न हो। इससे पहले ऑक्सीजन आते ही आईआईएमटी अस्पताल जा रहे एक मरीज को बुला लिया गया था।
मंगलवार को रात दो बजे हापुड़ रोड स्थित संतोष हॉस्पिटल में ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। यह सूचना मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। रात में ही 12 मरीजों को शिफ्ट कराना पड़ा था।
अफरातफरी के बीच दरोगा की मौत, हंगामा
आनंद अस्पताल में ऑक्सीजन को लेकर मची अफरातफरी के बीच इमरजेंसी में भर्ती कोरोना संक्रमित दरोगा की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। टीपीनगर थाने में तैनात मुरादाबाद निवासी दरोगा कामिल को पांच दिन पहले परिजनों ने आनंद अस्पताल में भर्ती कराया था। दरोगा की मौत की सूचना से अस्पताल में मौजूद अफसरों के हाथ-पांव फूल गए।
रात 2:30 बजे
टीपीनगर स्थित गणपति हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन खत्म होने पर मची अफरातफरी
मेरठ में 1559 नए संक्रमित,13 की मौत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से हालात लगातार विकट होते जा रहे हैं। शनिवार को पश्चिमी उप्र के छह जिलों 3294 नए संक्रमित मिले, जबकि 27 की मौत हो गई। मेरठ में 1559 नए मरीज मिले, 13 की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में 630 नए संक्रमित मिले हैं, दो की मौत हो गई। सहानपुर में आठ लोगों ने दम तोड़ दिया, 430 नए मरीज मिले हैं। बिजनौर में भी कोरोना से एक की मौत हो गई, 495 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बागपत में 98 संक्रमित मिले हैं, तीन की मौत हो गई। शामली में 82 संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को कोरोना के 38,055 नए मरीज मिले हैं। जबकि 223 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं 2,321 संक्रमित को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया। शनिवार को 2,25,960 लोगों की कोविड जांच की गई। इनमें से 38,055 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इस तरह वर्तमान में 2 लाख 88 हजार 144 एक्टिव केस है। कोरोना से प्रदेश में अब तक 10959 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बीते 24 घंटे में हुई 223 लोगों की मौत का आंकड़ा भी शामिल है।
लखनऊ में सर्वाधिक 42 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसी तरह प्रयागराज में 15, कानपुर नगर में 13, आगरा में 11, वाराणसी व गाजियाबाद में 10-10, मुरादाबाद में 8, गौतमबुद्ध नगर, झांसी, बस्ती व फतेहपुर में 6-6, चंदौली, रामपुर, बलरामपुर व जौनपुर में 5-5, गोरखपुर व रायबरेली में 4, सहारनपुर व बरेली में 2-2 और मेरठ में एक संक्रमित की मौत हो गई। अन्य जिलों में कहीं 2 तो कहीं 3 लोगों की मौत हुई है।
प्रदेश में 38,055 नए मरीज, बीते 24 घंटे में 223 संक्रमितों की मौत
लखनऊ में 5461, वाराणसी में 2786, कानपुर नगर में 2044, मेरठ में 1745, प्रयागराज में 1468, मुरादाबाद में 1351, गोरखपुर में 1344, बरेली में 1024, गौतमबुद्ध नगर में 970, झांसी में 955, गाजीपुर में 890, जौनपुर में 732, लखीमपुर खीरी में 644, गाजियाबाद में 585, चंदौली में 522, बलिया में 506, शाहजहांपुर में 501, मुजफ्फरनगर में 487, रायबरेली में 465, आगरा में 409, सहारनपुर में 388 और अलीगढ़ में 369 मरीज मिले हैं। सबसे कम 24 मरीज हाथरस में मिले हैं।