मेरठ : कोरेाना से वृद्धा की मौत, दो दिन में 37 मरीज मिले, बढ़ता जा रहा संक्रमण का खतरा
- सोमवार को 16 और मंगलवार को मिले 21 मरीज मिले, त्योहार के कारण कम हुई जांच
- लक्ष्य था साढ़े चार हजार, टीका लगवाया मात्र 848 ने
- 60 साल से ज्यादा उम्र के 709 और 45 से 59 साल वाले 139 को लगी वैक्सीन
विस्तार
24 फरवरी के बाद कोरोना से यह पहली मौत है। मृतका (65 ) फाजलपुर की रहने वाली थीं। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। संक्रमण फैलने का खतरा इसलिए भी मंडरा रहा है कि इन 37 मरीजों में से 30 मरीज नए केस हैं, सिर्फ 7 ही पुराने मरीजों के संपर्क वाले हैं।
सोमवार को 348 लोगों की जांच हुई थी, जिनमें 16 मरीज मिले थे, जबकि मंगलवार को 3323 लोगों की जांच में 21 मरीज मिले हैं। इनमें डॉक्टर, पुलिसकर्मी, स्टूडेंट्स, घरेलू महिलाएं, स्वास्थ्य कर्मी, कारोबारी और नौकरीपेशा शामिल हैं। ये मरीज स्वामी पाड़ा, संजय नगर, शास्त्री नगर, ईश्वर पुरी, अप्पू एन्क्लेव, ब्रह्मपुरी, थापरनगर, जागृति विहार, रिठानी, मवाना, जैननगर और पांडव नगर के रहने वाले हैं।
रेलवे स्टेशन पर एंटीजन जांच में एक को पुष्टि
रेलवे स्टेशन पर दो दिन में 160 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें एंटीजन जांच में एक व्यक्ति को मंगलवार को कोरोना की पुष्टि हुई है। इस दौरान बस अड्डे पर 80 लोगों की जांच की गई। यहां एंटीजन में किसी को कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
टीकाकरण कराने मंगलवार को काफी कम संख्या में लोग पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य 4500 लोगों के टीकाकरण का था, लेकिन सिर्फ 848 लोगों ने ही टीका लगवाया। इनमें 60 साल से ज्यादा उम्र के 709 और 45 से 59 साल वाले 139 लोग रहे। कुल 33 सत्र लगाए गए, जिनमें 17 सरकारी केंद्र और 16 निजी अस्पताल शामिल रहे। 690 लोगों ने सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण कराया, जबकि 158 ने निजी अस्पतालों में टीकाकरण कराया।
अब मेडिकल, जिला अस्पताल और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार से शनिवार तक टीकाकरण किया जा रहा है, जबकि अन्य 74 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों जिनमें पीएचसी और अर्बन हेल्थ सेंटर शामिल हैं, इन स्थानों पर 3 दिन सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को टीकाकरण किया जा रहा है।
टीकाकरण के लिए 40 निजी अस्पताल शामिल हैं। एक अप्रैल से 45 साल से ज्यादा उम्र वाले सभी लोगों को टीकाकरण कराने की तैयारी चल रही है। जिले में ऐसे करीब साढे़ आठ लाख लोग बताए जा रहे हैं।
मेडिकल प्राचार्य के निर्देश, स्टाफ जल्द लगवाए टीका
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने सभी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी समेत सभी को हिदायत दी है कि वह जल्द से जल्द कोरोना वैक्सीन लगवा लें। अगर कोई व्यक्ति नहीं लगवाना चाहता है तो वह इस संबंध में एक प्रमाण पत्र प्राचार्य कार्यालय में दे कि वह क्यों नहीं लगवाना चाहता है। हालांकि मेडिकल में काफी लोगों का टीकाकरण हो चुका है।