Meerut News: हाजी याकूब की फैक्टरी से मीट बुलंदशहर, गाजियाबाद भेजा, 38 नमूनों को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की फैक्टरी से निकाला गया मीट बुलंदशहर और गाजियाबाद भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार सात नमूनों का मीट नष्ट कर दिया जाएगा जबकि 38 नमूनों के मीट पर भी जांच के बाद खुलासा हुआ है, इस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
विस्तार
मेरठ के खरखौदा में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की फैक्टरी से निकाला गया मीट बुलंदशहर, गाजियाबाद और दिल्ली भेजा जा रहा है। मंगलवार को भी फैक्टरी से मीट निकालने की प्रक्रिया जारी रही। पुलिस ने बताया कि असुरक्षित सात नमूनों का मीट नष्ट किया जाएगा जबकि 38 नमूनों के मीट पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। इसकी जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश होगी।
राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद में पूर्व मंत्री हाजी याकूब की मीट फैक्टरी से भेजे गए मीट के 98 नमूनों में से 53 नमूने सही पाए गए थे। 38 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले थे और 7 नमूने फेल हुए थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: छावनी बोर्ड चुनाव, आज चस्पा होगी मतदाता सूची, पढ़ें-ताजा खबरें
हाजी याकूब पक्ष की मांग पर मीट के नमूनों की जांच कराई गई थी ताकि सही मीट को निकलवाया जा सके। जांच के आधार पर 53 नमूनों का मीट रिलीज करने का आदेश कोर्ट से मिल गया था। सीओ किठौर रुपाली राय का कहना कि खाद्य विभाग व एमडीए की टीम ने सोमवार से ही मीट को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
सोमवार और मंगलवार को 51 नमूनों का मीट याकूब की फैक्टरी से निकालकर इसे मदीना फ्रोजन फूड एक्सपोर्ट बुलंदशहर, नसरुल हक इंडस्ट्री साहिबाबाद व हमजा फूड प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली को भेजा जा रहा है। दो नमूनों का मीट आज निकालकर दिल्ली भेजा जाएगा।
38 नमूनों का मीट मनुष्य के खाने योग्य नहीं
पुलिस ने बताया कि याकूब की फैक्टरी से लिए गए 38 नमूनों का मीट मनुष्य के खाने योग्य नहीं बताया गया। इस पर याकूब कुरैशी के अधिवक्ता का कहना है कि यह मीट पालतू जानवरों के खाने में इस्तेमाल हो सकता है। इस बारे में विशेषज्ञों की राय ली जा रही है।