कोरोना को गोली मारकर भगा देंगे... खुलेआम धांय-धांय, पढ़ें- क्या है पूरा माजरा
मेरठ के एक गांव में कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग करते हुए कहा कि कोरोना को गोली मारकर भगा देंगे। एसएसपी ने इस मामले में कार्रवाई के सख्त आदेश दिए।
विस्तार
कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए लोग रविवार रात नौ बजे मोमबत्ती, दीया, टॉर्च और मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर एकजुट हुए तो रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने तमंचे और पिस्टल से धांय-धांय कर दी।
हर्ष फायरिंग करने वाले दो युवक इस दौरान कहते सुने गए कि कोरोना वायरस को गोली मारकर भगा देंगे। सोमवार को इसका वीडियो वायरल हुआ तो दो युवकों की पहचान हो गई। एसएसपी ने रोहटा पुलिस को इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार इनमें एक आरोपी सीसीएसयू का छात्र है। वह रविवार रात तमंचे से फायरिंग कर रहा था। उसके बाद उसका एक दोस्त करीब 6-7 युवकों के साथ पहुंचा। इसी दौरान दूसरे युवक ने भी अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। फिर दोस्तों ने हर्ष फायरिंग करने वाले दोनों युवकों का वीडियो बनाया और उसे वायरल भी कर दिया। इतना ही नहीं, दोनों युवकों ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी इस फायरिंग का वीडियो लगाया।
सवाल है कि लोग कोरोना से बचने के लिए घर में रह रहे हैं। और सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। लेकिन यहां कोरोना का मुकाबला हर्ष फायरिंग से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: कोरोना: एसएसपी ने दी चेतावनी, आज रात आठ बजे के बाद जिले में जमाती मिले तो लगेगा रासुका
गांव में फैली दहशत
हाईकोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद भी हर्ष फायरिंग होने पर पूठ गांव में दहशत फैल गई। इसकी जानकारी लगते ही लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस कार्रवाई के लिए मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
हर्ष फायरिंग पर खामोश बैठी पुलिस
हर्ष फायरिंग के मामलों में पुलिस खामोश बैठी है। सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ और उनके बेटे हिमांशु सिद्धार्थ ने शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की थी। दोनों के खिलाफ लालकुर्ती थाने में केस दर्ज हुआ। लेकिन डेढ़ माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं, सीसीएसयू कैंपस में छात्रों द्वारा पिस्टल लेकर टिकटॉक पर वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद भी मेडिकल पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। हर्ष फायरिंग जैसे गंभीर मामले में भी पुलिस की नींद नहीं टूट रही हैं।
कड़ी कार्रवाई होगी
एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि इस मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। रोहटा पुलिस को दोनों आरोपियों की तलाश में लगा दिया गया है। हर्ष फायरिंग के मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/