फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut News Live: Anti-malarial month will be celebrated from today, draft of city logistics plan ready

Meerut News Live: डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, यशोद ऋषिकेश बने सहारनपुर के नए कमिश्नर

Thu, 01 Jun 2023 10:21 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Thu, 01 Jun 2023 10:21 PM IST
सार

गुरुवार से मलेरियारोधी माह मनाया जाएगा। इसमें विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर जन समुदाय को जागरूक किया जाएगा।

विज्ञापन
Meerut News Live: Anti-malarial month will be celebrated from today, draft of city logistics plan ready
सड़क हादसा

विस्तार

मेरठ जिले में गुरुवार से मलेरियारोधी माह मनाया जाएगा। इसमें विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर जन समुदाय को जागरूक किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि मलेरियारोधी माह एक जून से 30 जून तक मनाया जाएगा। इसके तहत जन जागरूकता अभियान, गोष्ठियां व रैलियां आयोजित की जाएंगी। मलेरिया को जड़ से मिटाने के लिए शहर की 200 से ज्यादा बस्तियों में घर-घर जाकर जन समुदाय को मलेरिया के लक्षणों और बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी। संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत मलेरिया को 2030 तक भारत से मिटाना है। थोड़ी सी सतर्कता से हम मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारी को मिटा सकते हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के सिर में तेज दर्द होना, उल्टी या मितली आना, ठंड या कंपकंपी के साथ तेज बुखार आना। बुखार का लंबे समय तक रहना या रुक रुक कर आना मलेरिया के लक्षण हैं। इस दौरान मरीज को बार-बार प्यास लगती है। हाथ व पैर में ऐंठन रहना, थकान या कमजोरी महसूस होना, घबराहट व बेचैनी भी इसके लक्षणों में है। उन्होंने कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए घर में या आस पास पानी इकट्ठा न होने दें, बारिश से पहले छत पर साफ सफाई कर लें। 

विज्ञापन

 

इनर रिंग रोड के काम में आएगी तेजी, छावनी में टूटी सड़कें बनेंगी

2024 लोकसभा चुनाव से पहले शहर में चल रहीं विकास योजनाएं तेजी से पूरी कराई जाएंगी। इसके तहत शहर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए बन रही इनर रिंग रोड के निर्माण में तेजी लाई जाएगी। इसके अलावा एनएच-58 को छह लेन करते हुए फ्लाई ओवर व अंडरपास का काम  होगा। छावनी क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के बाद उखड़ी सड़कों का  मानसून से पहले निर्माण कराया जाएगा। इन सभी बिन्दुओं पर बुधवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और कैंट विधायक अमित अग्रवाल की हुई बैठक पर सहमति बनी। 

डाॅ. वाजपेयी ने बताया कि छावनी के वार्ड 4, 5 व 6 में सीवर लाइन की खुदाई के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घरों को नया कनेक्शन देने के बाद ही उनकी मरम्मत कराई जा सकती है। क्षेत्र कैंट बोर्ड के अधीन आने के चलते परिवहन मंत्री से शपथ-पत्र पर लोगों को सीवर कनेक्शन देने और मानसून से पहले सड़क निर्माण की मांग रखी। सीईओ, कैंट ज्योति कुमार ने कहा कि एक दो दिन में एफिडेविट का प्रारूप पब्लिक के लिए जारी कर दिया जाएगा। 

यह भी पढ़ें: Meerut: मैराथन सभी को साथ जोड़ने का काम करती है- सत्येंद्र सिसौदिया

विज्ञापन
विज्ञापन

हाइवे को जोड़ने को बनाएं आउटर रिंग रोड
मेरठ-हापुड़ सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने एनएच-58 के दोनों ओर सर्विस लेन तथा प्रस्तावित अंडरपास निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने का आग्रह किया। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने के लिए 6 लेन की एक वृहद रिंग रोड बनाने, धनौरा के पास स्लिप रोड बनवाकर 25-30 गांवों को राहत देने की मांग की। सांसद ने बताया कि मंत्री ने कहा कि एनएच-58 पर यातायात बढ़ गया है। इसलिए एलिवेटेड रोड भी बनाई जा सकती है। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने छावनी की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके निवारण की मांग रखी। 
 

विज्ञापन

सीएम किसान उपहार योजना में हुई उपहारों की बरसात

मंडी परिषद द्वारा मंडी समितियों के माध्यम से संचालित किसानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री किसान उपहार योजना के अंतर्गत कमिश्नर सभागार मेें त्रैमासिक एवं बंपर लक्की ड्रा किया गया। इसमें एक अक्तूबर 2020 से 30 सितंबर 2022 तक मंडी में उपज बेचने वाले किसानों को शामिल किया गया। विजेता किसानों के नाम की सूची जारी कर दी गई। शीघ्र ही कार्यक्रम आयोजित करके पुरस्कार बांटे जाएंगे।

बुधवार को संयुक्त विकास आयुक्त आरके गौतम, उपनिदेशक मंडी प्रशासन रिंकी जायसवाल, सचिव एवं नोडल अधिकारी विजिन कुमार ने लक्की ड्रॉ निकाला। छमाई बंपर ड्रा में हापुड़ के शकरपुर निवासी हरविंद्र, हापुड़ के ककोड़ी निवासी साधना, बुलंदशहर के सुखलालपुर के गंगावल, खानपुर के चंद्रसेन, विलायतपुर के बाबूराम, हरनौटी फतेह सिंह, कहरोला के शिवम शर्मा, हापुड़ के भड़नपुर से ब्रिजेश के नाम 35 हार्सपावर का ट्रैक्टर निकला। हापुड़ और बुलंदशहर के आठ किसानों के लक्की ड्रा में ट्रैक्टर निकला। इसके अलावा किसानों को 148 अन्य पुरस्कार भी दिए गए।

यशोद ऋषिकेश भास्कर सहारनपुर के नए कमिश्नर बने

शासन ने देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सहारनपुर मंडलायुक्त बदल दिया। यशोद ऋषिकेश भास्कर को नया मंडलायुक्त बनाया है। निवर्तमान मंडलायुक्त डॉ लोकेश एम को कानपुर का कमिश्नर बनाया है। यशोद ऋषिकेश भास्कर यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, जो महाराष्ट्र के निवासी हैं। पांच साल पहले वे डेपुटेशन पर महाराष्ट्र चले गए थे। हाल में ही वह वापस यूपी आए हैं।

महिला पहलवानों के समर्थन में भाकियू ने जिलाधिकारी कार्यालय घेरा, सांसद ब्रजभूषण की गिरफ्तारी की मांग

मेरठ में महिला पहलवानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन ने आज जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में सभी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। मेरठ में जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में भाकियू कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।

कार्यकर्ता ओं ने यहां नारेबाजी कर महिला पहलवानों का समर्थन किया। उन्होंने सांसद ब्रजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि आज महिला पहलवान अपने मैडल गंगा में प्रवाहित करने को तैयार है, लेकिन सरकार उनकी मांग को अनसुना कर रही है।

भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत की ओर से महिला पहलवानों को 5 दिन का समय दिया गया था, इसे लेकर आज मुजफरनगर के शोरम में खाप की पंचायत भी है। पंचायत में आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एडीएम सिटी दिवाकर सिंह को अपनी मांगों से सम्बंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।

आत्महत्या के लिए उकसाने वाले को चार साल की सजा

बागपत में पुराने कस्बे के युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले को चार साल की सजा सुनाई गई। साथ ही दो लाख रुपये अर्थदंड लगाया गया। जिसमें से 1.80 लाख रुपये पीड़िता को दिये जाएंगे।

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजीव कुमार ने बताया कि पुराने कस्बे की रहने वाली फेहमिदा ने न्यायालय के आदेश पर वर्ष 2017 में कोताना गांव निवासी इरफान, उसके बेटे दानिश और शाहिद आफरीदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसने बेटे आशु की हत्या कर यमुना किनारे पेड़ पर शव लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में तीनों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था। इस मुकदमे की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश त्वरित न्यायालय द्वितीय में हुई। जहां सुनवाई पूरी होने पर न्यायाधीश प्रीति ने इरफान पर दोष सिद्ध कर दिया, जबकि उसके दो बेटे दानिश और शाहिद आफरीदी को दोषमुक्त कर दिया। गुरुवार को सजा पर सुनवाई हुई। न्यायाधीश प्रीति सिंह ने दोषी इरफान को चार साल की सजा सुनाई और दो लाख रुपये अर्थदंड लगाया। जिसे अदा नहीं करने पर छह साल की सजा भुगतनी पड़ेगी।

डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो गंभीर

सहारनपुर के छुटमलपुर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों में लाल पुल के पास गुरुवार की रात डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में मोहंड पुलिस चौकी से चार किलोमीटर देहरादून की तरफ रात 9:30 बजे हुआ। बाइक सवार तीन युवक देहरादून से बिहारीगढ़ की तरफ आ रहे थे। लाल पुल के पास पीछे से आ रहे डंपर ने इन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में विशाल 25 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने वाला चालक डंपर सहित फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना मोहंड पुलिस चौकी पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन दोनों घायलों को देहरादून अस्पताल भिजवाया। थाना अध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि मृतक के अभी केवल नाम का पता चल सका है। घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें देहरादून अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस दुर्घटना करने वाले डंपर की तलाश कर रही है।

सांड ने मारी टक्कर, दवा कंपनी के प्रतिनिधि की मौत

मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में दिल्ली-दून हाईवे पर सांड ने स्कूटी सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बेटे की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है।

मूल रूप से बिजनौर के राघो उर्फ नया गांव निवासी सौरभ (28) अपनी मां रेखा देवी के साथ इन दिनों गाजियाबाद में रह रहा था। स्कूटी पर सवार होकर मां-बेटे हरिद्वार के लिए निकले थे। सुबह करीब छह बजे हाईवे पर मंसूरपुर में आवारा सांड ने दोनों को टक्कर मारकर गंभीर घायल कर दिया। आसपास के लाेगों ने किसी तरह सांड को दौड़ाया। घायलों को राहगीरों की मदद से मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर बृहस्पतिवार को सौरभ की मौत हो गई। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कर किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed