Meerut: जब्त किए गए 28 ऊंट हुए गायब, पुलिस के हाथ जीरा भी नहीं लगा, चार वर्ष बाद हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
मेरठ पुलिस द्वारा कुर्बानी पर प्रतिबंध बताकर पकड़े गए 28 ऊंट गायब हो गए। हाईकोर्ट के आदेश पर चार साल बाद पुलिस इन ऊंटों को ढूंढने निकली तो जिस युवक को सुपुर्दगी दी गई थी, वह भी लापता मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में वर्ष 2019 में कुर्बानी के लिए लाए गए 28 ऊंटों को पुलिस ने कुर्बानी पर प्रतिबंध बताते हुए जब्त कर एक संस्था के सदस्य युवक की सुपुर्दगी में दे दिया था। ऊंटों को वापस देने की बात पुलिस लगातार अनसुना करती रही तो ऊंट स्वामी हाईकोर्ट पहुंच गए।
अब चार वर्ष बाद हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ऊंटों को तलाशने निकली तो उसके हाथ खाली रह गए। पुलिस को जांच में पता चला कि जो व्यक्ति खुद को संस्था का सदस्य बताकर ऊंटों को ले गया था उसका संस्था के पास कोई रिकाॅर्ड ही नहीं है। अब इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ने लिसाड़ीगेट पुलिस को बुधवार को तलब किया है।
ऊंट स्वामी पहुंच गए हाईकोर्ट
ऊंटों की कीमत न मिलने पर ऊंट स्वामियों ने पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। इस पर ऊंट स्वामी हाईकोर्ट चले गए। कोर्ट ने ऊंट स्वामियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को सभी 28 ऊंट उनके स्वामियों की सुपुर्दगी में दिए जाने का आदेश दिया।
मामला चार वर्ष पुराना होने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने दो दिन पहले लिसाड़ीगेट पुलिस से ऊंटों के बारे में पूछा। थाना पुलिस ने रिकॉर्ड खंगाला और सुपुर्दगी में लेने वाले युवक की तलाश में दिल्ली में सांसद मेनका गांधी की संस्था के कार्यालय में संपर्क किया।
संस्था ने ऐसे किसी भी युवक का सदस्य न होने की बात कही। युवक का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध न होने की जानकारी दी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब सिटी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को लिसाड़ीगेट पुलिस को ऊंटों से संबंधित लिखित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तलब किया है।
सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा ऊंटों की जानकारी मांगी गई थी, जिसके चलते पुलिस सांसद मेनका गांधी की पीपल फॉर एनिमल्स संस्था के दिल्ली कार्यालय गई थी। संस्था ने ऊंटों को सुपुर्दगी में लेने वाले युवक की कोई जानकारी न होने के बारे में बताया। बुधवार को फिर पुलिस ऊंटों का पता लगाने के लिए दिल्ली जाएगी। - जितेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट
हाईकोर्ट के आदेश पर ऊंटों को उनके स्वामियों की सुपुर्दगी में देना है। लिसाड़ीगेट पुलिस से ऊंटों की जानकारी मांगी गई है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बुधवार को पुलिस को अपने कार्यालय में बुलाया है। ऊंट किसकी सुपुर्दगी में दिए हैं, इसका पुलिस को जवाब देना होगा। -अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट