धोखा: युवक संग सात फेरे लेने के सपने देख रही थी डॉक्टर युवती, फेसबुक पर उसकी शादी के फोटो देख पांव तले खिसकी जमीन
- एफबी पर दूसरी युवती से शादी की फोटो सामने आने के बाद धोखाधड़ी का हुआ खुलासा
- हरियाणा निवासी पीड़िता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर तहरीर दी तो पुलिस ने बनाया दबाव
- हरियाणा जाकर ही मुकदमा दर्ज कराने की सलाह देकर परिजनों को तहरीर वापस की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ निवासी डॉक्टर द्वारा हरियाणा की डॉक्टर युवती से शादी का वादा कर किसी दूसरी युवती से शादी करके धोखा देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने रविवार शाम अपने वकील के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने युवती के परिजनों पर दबाव बनाकर हरियाणा में ही मुकदमा दर्ज कराने को कहा। देर रात परिजनों ने तहरीर वापस ले ली। पीड़िता के वकील ने इस संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार गुरुग्राम, हरियाणा निवासी एक महिला डॉक्टर की करीब सात साल पहले उसी अस्पताल में मेरठ निवासी एक डॉक्टर से दोस्ती हो गई थी। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया था। दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे थे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी डॉक्टर ने शादी करने का झांसा देकर संबंध बनाए। इस बीच महिला का गर्भपात भी करा दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाते हुए बताया कि करीब एक माह से उसे साथी डॉक्टर के व्यवहार में बदलाव दिखा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, अचानक उसे डॉक्टर की बहन की फेसबुक पर साथी चिकित्सक की शादी की जानकारी लग गई।
यह भी पढ़ें: शादी की तैयारियों में व्यस्त थे परिजन, उधर दरोगा बेटी ने उठाया खौफनाक कदम, डोली की जगह घर से उठी अर्थी
महिला डॉक्टर ने बताया कि उसने फेसबुक का हवाला देकर आरोपी डॉक्टर से मुलाकात करने की बात कही तो आरोपी उसे धमकाने लगा। बड़ी मुश्किल में वह उसके मेरठ के घर का पता लगा पाई। वह सिविल लाइन क्षेत्र में आरोपी के घर पहुंची तो उसके पिता ने मिलने से इंकार कर दिया और जान से मारने तक की धमकी भी दी।
रविवार शाम पीड़िता के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे व्यापारी नेता जीतू नागपाल ने एसएसपी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
रात में पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
बताया गया कि पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को फोन कर रात को थाने बुलवा लिया। आरोप है कि पुलिस ने घटना गुरुग्राम में होना बताकर परिजनों को वहीं जाकर मुकदमा दर्ज कराने को कहा। इसको लेकर काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में परिजन महिला डॉक्टर को साथ ले गए। इंस्पेक्टर सिविल लाइन का कहना है कि महिला के परिजनों को थाने बुलाया गया था। वह हरियाणा में कार्रवाई करने की बात कहकर तहरीर वापस ले गए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/