मेरठ-लखनऊ वंदे भारत: नहीं मिल रहे पर्याप्त यात्री, 250 तक भी नहीं पहुंच रही संख्या, सामने आई ये बड़ी वजह
मेरठ लखनऊ वंदे भारत को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं। ट्रेन की क्षमता के हिसाब से अभी यात्रियाें की संख्या नहीं पहुंच रही है। अभी तक प्रतिदिन 200 से 230 यात्री ही आ रहे हैं।
विस्तार
मेरठ के लोगों को लखनऊ तक नई हाई स्पीड लग्जरी वंदे भारत ट्रेन जरूर मिल गई, मगर ट्रेन की क्षमता के हिसाब से अभी यात्री यात्रा नहीं कर रहे हैं। वंदे भारत में मेरठ और लखनऊ दोनों और से अभी 40 प्रतिशत यात्री ही यात्रा कर रहे हैं जिसका कारण इस ट्रेन का किराया अधिक होना और इसके कुछ समय बाद ही दोनों ओर से राज्य रानी का चलना माना जा रहा है।
नौचंदी एक्सप्रेस के सहारनपुर से संचालित होने पर मेरठ में लगातार नई ट्रेन की मांग की जा रही थी। रेल मंत्री ने भी बनारस तक ट्रेन चलाने का आश्वासन दिया था। शनिवार को अचानक मेरठ से लखनऊ तक के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ हुआ। ट्रेन के स्टॉपेज केवल मुरादाबाद और बरेली दिए गए हैं। ट्रेन का समय भी सुबह राज्य रानी के समय ही किया है और लखनऊ से भी इस समय वापस का समय दिया जब राज्य रानी आती है।
मेरठ लखनऊ रूट पर नई वंदे भारत ट्रेन तो जरूर मिल गई मगर ट्रेन को यात्री अभी पर्याप्त नहीं मिल रहे हैं। वंदे भारत की क्षमता 530 यात्रियों की है, जिसमें 478 सीट एसी चेयर कार की और 52 एग्जिक्यूटिव की है। मगर अभी तक ट्रेन में 250 यात्री भी सफर नहीं कर सके हैं। मेरठ से लखनऊ और लखनऊ से मेरठ अभी तक प्रतिदिन का हिसाब 200 से 230 यात्री ही आ रहा है।
पहले दिन रविवार को 211 यात्रियों ने वंदे भारत में सफर किया। सोमवार को मेरठ से वंदे भारत गई उसमें भी यात्रियों की संख्या 233 रही। मंगलवार को मेरठ आई वंदे भारत में केवल 205 यात्रियों ने सफर किया।
बुधवार सुबह लखनऊ गई वंदे भारत के लिए मंगलवार देर रात तक एसी चेयर कार के 163 और एग्जिक्यूटिव सीट के 26 टिकट ही बुक हुए थे। गुरुवार सुबह जाने वाली वंदे भारत के लिए एग्जिक्यूटिव सीट के लिए 21 और एसी चेयर कार के 160 टिकट ही बुक हुए हैं।
वंदे भारत में यात्रियों का अधिक सफर ना करने का कारण इसका बेतहाशा किराया और इसके दोनों ओर से इसके कुछ समय बाद ही राज्य रानी एक्सप्रेस का चलना माना जा रहा है।
वंदे भारत में एसी चेयर कर का टिकट लखनऊ तक 1355 रुपए है, जबकि राज्य रानी का टिकट 645 है राज्यरानी में थर्ड एसी का टिकट 790 और सेकंड एसी का टिकट 1100 रुपए का है जबकि वंदे भारत में एग्जीक्यूटिव क्लास का टिकट 2415 रुपए है। इसके अलावा वंदे भारत और राज्यरानी में लखनऊ और मेरठ पहुंचने में केवल डेढ़ घंटे का अंतर है। इस कारण भी लोग वंदे भारत में यात्रा करने से बच रहे हैं।
हापुड़ में स्टॉपेज करने की मांग
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मेरठ लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का हापुड़ में भी ठहराव कराने की मांग की है। रेल मंत्री को भेजे पत्र में विनीत अग्रवाल शारदा ने अवगत कराया कि हापुड़ भी व्यापारी दृष्टिकोण से बड़ा केंद्र है इसलिए इसका ठहराव हापुड़ में होना चाहिए उन्होंने इसे अयोध्या बनारस तक चलवाने की मांग की है।