Meerut Crime Report: दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही महिला, पार्षद पर मारपीट का आरोप
मेरठ में मंगलवार को दिन भर अपराधी अपराध की वारदातों को अंजाम देते रहे। वहीं पीड़ित शिकायतों के लिए थानों के चक्कर काटते रहे। पढ़ें आज की क्राइम रिपोर्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के अपर सिविल जज (जूनियर डिविजन कोर्ट संख्या चार मेरठ) हरिहर गुप्ता ने फर्जी मार्कशीट के आधार पर सेना की भर्ती में आवेदन करने के आरोपी संजीव सिंह निवासी गाजियाबाद को दोषी पाते हुए दो साल के कारावास और पांच हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया। वादी सैन्य अफसर आरके सिंह ने थाना सदर बाजार में 8 मई 1996 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सेना भर्ती में संजीव सिंह ने हाईस्कूल की फर्जी मार्कशीट दिखाकर आवेदन किया था। जांच के दौरान यह फर्जीवाड़ा सामने आया था। इसी मामले में अदालत ने यह सजा सुनाई।
दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी
नौचंदी थाना क्षेत्र के रहने वाले इसरार ने पड़ोसी महिला पर बेटे को झूठ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। उसने मंगलवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ सिविल लाइन को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
पार्षद पर लगाया मारपीट का आरोप
भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर स्थित हिंदू श्मशान भूमि की देखरेख करने वाले संकटनाथ महाराज ने तहरीर में आरोप लगाया कि श्मशान की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से पार्षद गंगाप्रसाद आए दिन परेशान करता है और सोमवार देर रात उसने साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। वह बामुश्किल जान बचाकर भाग निकला। इस मामले मे पार्षद गंगाप्रसाद ने बताया कि वह रात में नगर निगम के विद्युत विभाग के अधिकारियों से साथ खंभों पर लगी लाइटों की जांच करा रहे थे। मारपीट जैसी कोई बात नहीं है। भावनपुर इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह पूर्व मिले शव की पहचान
कंकरखेड़ा में सरधना रोड पर बीते बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव कॉलोनी के पास मिला था। पुलिस ने लावारिस मानकर शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया था। बुधवार को मृतक के परिजन थाने पहुंचे तो पता चला कि लावारिस शव तहसीलकर्मी के भाई का था। सरधना थाना क्षेत्र के मुल्हेड़ा गांव निवासी सोनू ने बताया कि वह सरधना तहसील में काम करता है। उसका भाई मोनू पत्नी व तीनों बच्चों के साथ कंकरखेड़ा ही रहता था और हलवाई की दुकान पर काम करता था। एक हफ्ता पूर्व मोनू संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था और उसका सुराग नहीं लग पा रहा था।
वेल्डिंग के कारखाने में घुसकर मारपीट
पटेल नगर में गैस वेल्डिंग के कारखाने घुसकर पड़ोसी गयासुद्दीन व बेटे दानिश, नवाजिश, उम्रदराज व दो अन्य युवकों ने कारखाना मलिक अख्तर अली और उसके बेटे शहबाज से मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा। पीड़ित ने बताया कि गयासुद्दीन का भी गैस वेल्डिंग का कारोबार है। इसी को लेकर वह रंजिश रखता है। पहले भी गाली गलौज कर चुका है।
गैंगस्टर एक्ट में तीन आरोपी गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने नंगला चरणदास निवासी राहुल खारी, कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रोहटा मेरठ निवासी अमरपाल को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही सेक्टर-63 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी नीरज को दबोच लिया। इनके अलावा कोतवाली फेज वन पुलिस ने जिला बदर बदमाश सलमान को मंगलवार को गिरफ्तार लिया।
विवाहिता को कार में बंधक बनाकर पीटा
विवाहिता को दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुरालियों ने कार में बंधक बनाकर पिटाई की। गाजियाबाद में वेव सिटी क्षेत्र में दर्ज कराई रिपोर्ट में प्रतिमा ने बताया कि 2021 में उसकी शादी मेरठ के गंगानगर निवासी रोहित चौधरी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराली दहेज के लिए परेशान करने लगे। तीन सितंबर को रोहित ने माता-पिता के साथ मिलकर उसकी पिटाई की और कार में डाल लिया। अंजान जगह ले जाकर उन्हें रात भर बंधक बनाकर रखा गया और सुबह सिर पर खुरपी से वार कर हत्या करने का भी प्रयास किया। उसने पति रोहित, ससुर वीरेंद्र, सास सरोज, ननद पूजा, देवर हिमांशु के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
ब्रांडेड कंपनी के नकली स्पेयर पार्ट्स सप्लाई करते दबोचा
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में माधवपुरम बिजलीघर के पास से पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी के दोपहिया वाहनों के नाम से नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से स्पेयर पार्ट्स लाकर कंपनी के नाम से क्षेत्र में सप्लाई करता था।
चंडीगढ़ के सेक्टर 110, 111 स्थित कंपनी के फील्ड मैनेजर निखिल ठाकुर ने ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत करते हुए बताया कि कि गढ़ रोड भोपाल विहार निवासी सुमित कुमार काफी समय से ब्रांडेड कंपनी का मार्का लगाकर नकली स्पेयर पार्ट्स सप्लाई कर रहा है। एसआई संजीव कुमार टीम के साथ माधवपुरम में बिजलीघर के पास पहुंचे और सुमित कुमार की गाड़ी की तलाशी लेने पर 310 नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए, जो ब्रांडेड कंपनी की पैकिंग में थे। पुलिस ने स्पेयर पार्ट्स जब्त कर लिए और आरोपी को थाने ले आई। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी विष्णु कौशिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
मुकदमा वापस नहीं लेने पर मिल रही धमकी
मेरठ के फतेहउल्लापुर निवासी महिला ने तीन तलाक और छेड़छाड़ के मामले में खरखौदा पुलिस पर मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पीड़िता ने एसएसपी दफ्तर में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रार्थनापत्र दिया हैं। पीड़िता का कहना है कि उसने दहेज व तीन तलाक और छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने बयान दर्ज भी किए थे। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही हैं। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने खरखौदा पुलिस को आरोपियाें की गिरफ्तारी करने के आदेश दिए।
रिक्त ग्राम प्रधान पद के लिए लोहिया नगर के गांव हाजीपुर में प्रधान पद के लिए मतदान में 11:00 तक बूथ संख्या एक में 323 मत बूथ संख्या 2 में 325 मंत्र पड़े। 11:00 बजे तक करीब 42% मतदान हुआ।
बागपत में तेंदुए ने गौवंश का किया शिकार
बागपत जनपद में बिनौली क्षेत्र के शाहपुर बाणगंगा गांव के जंगल में मंगलवार की रात्रि तेंदुए ने एक निराश्रित गौवंश का शिकार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
सुबह खेतों पर गए किसानों ने जंगल में मृतक गौवंश को देखा तो उनके होश उड़े गए वह डर और सहम गए उन्होंने गांव आकर ग्रामीणों को तेंदुए की जानकारी देकर खेतों पर अकेले नही जाने का एलाउंसमेन्ट कराया। श्रवण गिरि, अमित उर्फ भूरा, बिजेंद्र गुर्जर, तुषार आदि ग्रामीणों ने डीएफओ बागपत को जंगल मे तेंदुए के होने की सूचना देकर उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है।