Meerut Crime Report: मनचलों की दहशत से छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा, विवाहिता को जिंदा जलाने का किया प्रयास
मेरठ के रोहटा थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात गांव पूठखास में घर से डेयरी पर दूध लेने गई किशोरी ने गंग नहर में छलांग लगा दी। मेरठ मेडिकल क्षेत्र में छात्रा ने मनचलों के डर से स्कूल जाना छोड़ दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के रोहटा थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात गांव पूठखास में घर से डेयरी पर दूध लेने गई किशोरी ने गंग नहर में छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहे राहगीर ने यह नजारा देख घटना की सूचना पूठ पुलिस चौकी पर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने पूठखास गांव में अनाउंसमेंट कराया तो पता चला कि गांव निवासी एक किशोरी दो घंटे से लापता है। पुलिस देर रात तक परिजनों के साथ गंग नहर में किशोरी की तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
थाना प्रभारी रोहटा रविंद्र सिंह ने बताया कि गांव पूठखास निवासी लालू जाटव की बेटी इशू(14 )रात करीब 8:00 बजे घर से डेयरी पर दूध लेने के लिए गई थी। लेकिन वह घर नहीं लौटी। एक घंटे बाद पुलिस चौकी पर किसी ने किशोरी के गंग नहर में छलांग लगाने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गांव में अनाउंसमेंट कर जानकारी जुटाई तो इशू के परिजन चौकी पर पहुंचे और बेटी के गायब होने की सूचना दी। देर रात तक ग्रामीण व पुलिस किशोरी की तलाश में गंग नगर पर जुटे हुए थे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाय।
केरोसिन छिड़ककर विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास
लिसाड़ीगेट के श्याम नगर इलाके में शराबी शौहर ने नवविवाहिता पर कैरोसीन छिड़कर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। वह किसी तरह जान बचाकर चौकी पिलोखड़ी पहुंची। सर्दी की रात 12 बजे पीड़िता मदद के लिए चौकी पर खड़ी रही, लेकिन पुलिस वालों का दिल नहीं पसीजा। ब्रह्मपुरी खत्ता रोड की रहने वाली इस युवती का चार माह पूर्व श्याम नगर निवासी युवक से निकाह हुआ था। शौहर शराब पीकर आए दिन उससे मारपीट करता।
शुक्रवार रात भी शौहर ने शराब पीकर उससे मारपीट की और केरोसिन छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। पीड़िता किसी प्रकार घर से भाग कर चौकी पिलाखेड़ी चौकी पहुंची। देर रात तक वह चौकी पर खड़ी रही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करना तो दूर उसकी बात सुनना भी गवारा नहीं किया।
नशेड़ी युवक का विरोध करने पर मारपीट, चार घायल
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रिहान गार्डन कॉलोनी में नशेड़ी युवक का विरोध करने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, इस दौरान चार लोग घायल हो गए। रिहान गार्डन निवासी दिलपुकार पत्नी यासमीन ने बताया देर रात पति शराब पीकर घर में लड़ाई कर रहा था। पड़ोसी महिला ने नशे में धुत पति का मजाक बना दिया।
इसे लेकर पति की उससे कहासुनी हो गई। महिला ने नशे में धुत पति के साथ गाली-गलौज करते हुए पानी के पाइप से पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर महिला ने रिश्तेदारों को बुलाकर पति के साथ मारपीट की। इसी बीच दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के बाद लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस दौरान दिल पुकार, पड़ोसी सलमान समेत चार लोग घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए दी तहरीर है। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
जज की स्टेनो का फोन चोरी वापस देने के लिए मांगे 5 हजार
कोर्ट परिसर से जज की स्टेनो का मोबाइल चोरी करने वाले ने अर्दली को कॉल कर फोन वापस देने के लिए ऑनलाइन पांच हजार रुपये की मांग की। मामले में अज्ञात के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
31 जनवरी की शाम कचहरी परिसर स्थित एक कोर्ट से जज की महिला स्टेनो का मोबाइल चोरी हो गया। चोर ने चुराए गए मोबाइल से न्यायालय में तैनात अर्दली के मोबाइल पर फोन किया और ऑनलाइन पांच हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि रुपये मिलने पर वह मोबाइल लौटा देगा। रात में उसने फिर से अर्दली को फोन किया। इस बार उसने पांच हजार के साथ अतिरिक्त 100 रुपये यूपीआई के जरिए देने को कहा। उसके पैसों की मांग की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एमआर से मोबाइल लूटा
एल ब्लॉक शास्त्रीनगर निवासी अंकुर पेशे से एमआर हैं। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह बेटे को साथ लेकर हापुड़ चुंगी से फल खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अंकुर के मोबाइल पर कॉल आई और वह फोन पर बात करने लगे। तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर अंकुर के हाथ से मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। अंकुर ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। किसी ने पास की चौकी पर सूचना दे दी। एल ब्लॉक चौकी से आए सिपाही ने मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र की सीमा का बताया और लौट गया। कुछ देर में लोहिया नगर थाने की फैंटम वहां आई और पूछताछ के बाद पुलिस अंकुर को थाने में तहरीर लिखकर देने की बात कहकर लौट गई। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
48 लाख के डोडे सहित तस्कर पकड़ा
मेरठ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने सरूरपुर पुलिस की मदद से एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। फलों की क्रेट के पीछे छिपाकर हरियाणा से लाया जा रहा 120 किलो डोडा बरामद किया है। इसकी कीमत बाजार में लगभग 48 लाख है।
टास्क फोर्स के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सरूरपुर पुलिस की मदद से भूनी ओवर ब्रिज के पास से बोलेरो सवार नाजिम पुत्र कामिल को गिरफ्तार किया गया। बोलेरो में फलों की क्रेट के पीछे छिपाया गया 120 किलो डोडा बरामद हुआ। नाजिम ने बताया कि वह खुर्शीद के साथ मिलकर हरियाणा से डोडा लता था। जिसे सहारनपुर और आसपास के क्षेत्र में सप्लाई किया जाता था।
मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों में मारपीट
कंकरखेड़ा में मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों के साथ मारपीट की गई। थाना क्षेत्र के नंगलाताशी गांव निवासी पप्पू ने पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर घर से डिवाइडर रोड पर घूमने के लिए जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक मिल गया। पप्पू इस युवक के साथ उसके घर चला गया।
पप्पू का आरोप है कि जैसे ही वह युवक के घर से जाने लगा तो देखा कि मोबाइल गायब है। इसके बाद पप्पू ने युवक से मोबाइल के बारे में पूछा। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पर दोनों पक्षों के लोग पहुंच गए। पुलिस मारपीट करने वाले दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के फाजलपुर निवासी गिरीश रंगाई-पुताई की ठेकेदारी का काम करता है। बृहस्पतिवार रात वह दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इस दौरान गिरीश के भाई का दोस्त पारचा भी आया हुआ था। किसी बात को लेकर गिरीश और पारचा में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान दोनों पक्षों के युवकों ने गली में खड़े होकर जमकर गाली गलौज की। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक भागने लगे। पुलिस ने घायल गिरीश को पकड़ लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र में मनचलों की हरकतों से परेशान इंटर कॉलेज की छात्रा ने पढ़ाई छोड़ दी। आरोपियों ने फोन पर बात नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री 12वीं की छात्रा है। सुंदर और अंकित नाम के दो लड़के उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। धमकी देते हैं कि हमसे बात नहीं की तो जान से मार देंगे। आरोपियों ने जबरन एक मोबाइल दिया, जो उनकी पुत्री ने घर आकर उन्हें दे दिया। साथ ही कहा कि अब वह स्कूल नहीं जाएगी। उसे आरोपियों से डर लगता है।
रिश्वत लेने के आरोपी को भेजा जेल
मेरठ न्यायालय अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम मेरठ ने रिश्वत लेने के आरोप में बिजली विभाग के बाबू नीरज कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सरकारी वकील संजीव गुप्ता ने बताया कि थाना हाथरस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि घर पर बिजली के नए कनेक्शन के लिए बाबू नीरज कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद उपभोक्ता ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत में दर्ज कराई थी। टीम ने गुरुवार को नीरज को रंगे हाथ पकड़कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।