MEERUT: आईआईएमटी विश्वविद्यालय में लगे वृहद रोजगार मेले में पेटीएम, डाबर, एलआईसी जैसी कंपनियां कर रहीं भर्ती
मेरठ में आईआईएमटी यूनिवर्सिटी गंगानगर में आज वृहद रोजगार मेला-2022 आयोजित किया जा रहा है। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराया है। रोजगार मेले में योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जा रहा है।
विस्तार
मेरठ में आईआईएमटी यूनिवर्सिटी गंगानगर में आज वृहद रोजगार मेला-2022 चल रहा है। जिसमें अभी तक सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराया। मेले का शुभारंभ एसडीएम सदर ओजस्वी राज ने किया, उन्होंने अभ्यर्थियों से बात की।
आईआईएमटी यूनिवर्सिटी गंगानगर के प्रांगण में चल रहे इस मेले में 75 से ज्यादा कंपनियां साक्षात्कार के लिए आई हुई हैं। सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ कैंपस में लगी है और वह रजिस्ट्रेशन करा कर इंटरव्यू दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:Meerut: कर्ज में डूबे कारीगर ने फांसी लगाकर दी जान, पेड़ से लटका मिला शव
मेले में पेटीएम, डाबर आयुर्वेदिक इंटरप्राइजेज, एलआईसी इंडिया मेरठ, हमदर्द लैबोरेट्रीज इंडिया, भारत एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, हीरो मोटर कॉर्प ऑटो, डॉ रेड्डी फाउंडेशन मेरठ, एनआईआईटी लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंदुस्तान केमिकल्स सहित दर्जनों कंपनियां साक्षात्कार ले रही हैं। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान, उप्र. कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में मेले का आयोजन किया गया है।
कॉलेज में भी करा सकते हैं पंजीकरण
सहायक निदेशक सेवायोजन मेरठ मंडल शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि दोपहर में अभ्यर्थियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। छात्र जो रजिस्ट्रेशन खुद से नहीं कर पाए हैं, वह प्रांगण में आकर फॉर्म भरे और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर साक्षात्कार दें। उन्होंने बताया कि युवा अपने ओरिजनल डॉक्यूमेंट्स और रिज्यूम, फ़ोटो जरूर साथ रखें।
मेले में कक्षा पांच से लेकर हाईस्कूल, इण्टर, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, बीटेक, डिप्लोमाधारी आदि योग्यताओं को रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।