Meerut: सरधना रोड पर पंप पर CNG गैस हुई लीक, धड़ाधड़ बंद हुईं दुकानें, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मेरठ में सरधना रोड पर एक पंप पर सीएनजी गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों ने धड़ाधड़ दुकानें बंद कीं। पुलिस ने माैके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
विस्तार
आनन-फानन में आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकान बंद कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को दोनों तरफ 200 मीटर तक रोक दिया। फायर ब्रिगेड व गैल गैस कंपनी की टीम पहुंचने के बाद रास्ता खोला।
यह भी पढ़ें: UP: दामाद ने इसलिए कराई थी पूर्व प्रधान की हत्या, मामा को दी थी सास को मारने की सुपारी; 20 दिन पहले की थी रेकी
रविवार दोपहर एक कर्मचारी कार में सीएनजी भर रहा था। इसी बीच सीएनजी गैस की मुख्य लाइन लीक हो गई। गैस लीक होने की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में भगदड़ का माहौल हो गया। पेट्रोल पंप पर खड़े सभी वाहनों को बाहर निकाला गया।
वहीं पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दुकानदारों ने कुछ देर के लिए अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। कुछ ही देर में गैस हवा में काफी दूर तक फैल गई।
गैस लीक की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गैल गैस कंपनी के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की सूचना पर फायर ब्रिगेड में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। टेक्निकल दिक्कत के कारण गैस लीक हो गई थी।