गणतंत्र दिवस से पहले पश्चिम में आतंकी इनपुट, सेना अलर्ट, बढ़ाई स्कूलों की सुरक्षा
पश्चिमी यूपी में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ चल रही खुफिया एजेंसियों की कार्रवाई को देखते हुए शहरों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। गणतंत्र दिवस से ठीक पहले सेना भी अलर्ट हो गई।
वहीं छावनी क्षेत्र में सेना की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और उसे परखने के लिए सिक्योरिटी ड्रिल किए जाएंगे। पश्चिम यूपी सब-एरिया मुख्यालय में हुई संयुक्त समन्वय बैठक में सुरक्षा से संबंधित तमाम पहलुओं पर सभी विभागों को अवगत करा दिया गया है।
रविवार को क्राइम मीटिंग में डीआईजी ने सभी एडिशनल एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को सुरक्षा संबंधी कड़े निर्देश दिए। वहीं जोन और रेंज स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा गया है। डीआईजी ने एहतियात के तौर पर सार्वजनिक स्थल, स्कूल, कॉलेज, पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर अतिरिक्त संख्या में पुलिस फोर्स लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी के साथ आरएएफ का भी सहयोग रहेगा।
48 प्वाइंटों पर अतिरिक्त ड्यूटी
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो कंपनी आरएएफ और दो कंपनी पीएसी मांगी गई हैं। 45 स्थानों पर पुलिस फोर्स की अतिरिक्त ड्यूटी रहेगी। कैंट क्षेत्र के लिए भी अतिरिक्त में पेट्रोलिंग गाड़ी रहेंगी। मॉल, सिनेमाघर और अन्य स्थलों पर सोमवार से चेकिंग का अभियान चलाया जाएगा।
अलर्ट होकर करें चेकिंग
डीआईजी ने जिला पुलिस को निर्देश दिए कि चेकिंग करते समय अलर्ट रहें। जिले की सीमा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाए। 26 जनवरी पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा का पूरा प्लान तैयार कर ड्यूटी रहेगी। पीआरवी के अलावा अलग से रात्रि के लिए सभी थाना क्षेत्रों में एक-एक पेट्रोलिंग गाड़ी रहेगी।
सुरक्षा बैठक में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। सेना की ओर से आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालयों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। जबकि छावनी क्षेत्र के अन्य स्कूलों के साथ ही शहर के तमाम बड़े स्कूलों को सतर्क रहने और 'स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर' यानी एसओपी पर शिक्षकों व बच्चों को जागरूक करने को कहा गया है। सेना की ओर से स्कूलों में भी बच्चों के साथ सिक्योरिटी ड्रिल का खाका तैयार किया गया है, जिसे किसी भी दिन परखने के लिए अचानक ड्रिल होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/