बसपा पार्षद से मांगी 2 लाख की रंगदारी, न देने पर परिवार के खात्मे की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में बसपा पार्षद से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया गया कि पार्षद के आवास पर चिट्ठी फेंककर दो लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। रकम न देने पर पार्षद के पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी दी गई है।
बता दें कि नगर निगम वार्ड 15 से बसपा पार्षद कुलदीप सेन से बदमाशों ने रंगदारी मांगी है। टीपीनगर थाना क्षेत्र के भोला रोड मुल्तान नगर स्थित पार्षद की आवास पर देर रात चिट्ठी फेंकी गई है। बदमाशों ने दो लाख रुपये की मांग की है। रकम न देने पर बदमाशों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पार्षद ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस किसी शरारती तत्व द्वारा चिट्ठी भेजने का अंदेशा जता रही है। हालांकि, पार्षद को सुरक्षा का आश्वासन भी दिया गया है।
तू अच्छा आदमी है, मैं तेरे बच्चों को मारना नहीं चाहता
चिट्ठी में लिखा है कि पार्षद कुलदीप तेरे दुश्मनों की संख्या कम नहीं है। उनमें से शायद एक मैं भी हूं। मुझे तेरे राजनीतिक जीवन से कोई लेना देना नहीं है। मुझे तेरे दुश्मनों से फिरौती मिलती है, तेरे बच्चों को मारने की। मैं तेरे बच्चों को मारना नहीं चाहता। मैंने तेरे बारे में सुना है कि तू एक अच्छा इंसान है, इसीलिए मैं तुझे यह बात बता रहा हूं। मेरे पास उन लोगों के खिलाफ सबूत भी हैं। वह तेरे अपने ही हैं। मेरे पास रिकॉर्डिंग भी है। मैं सारे सबूत तुझे दे दूंगा और तेरे बच्चों को कुछ नहीं कहूगा।
पूरे मेरठ में हमसे बड़ा फिरौती बाज नहीं
बदमाश ने लिखा है कि पूरे मेरठ में हमसे बड़ा फिरौती बाज कोई नहीं है। हम तो घर में घुसकर मार देते हैं और पुलिस भी नाचती है। अगर तू अपने परिवार के साथ कोई अनहोनी नहीं होने देना चाहता है तो तुझे मुझको दो लाख रुपये देने होंगे। एक आदमी 15 दिन से तेरी रेकी कर रहा है। तेरी बीवी स्कूल में पढ़ाती है, छोटी बच्ची घर के बाहर खेलती है और बड़ी बेटी स्कूल जाती है। उसे स्कूल से गायब कर देंगे और बाकी को घर में घुसकर मार देंगे।
चिट्ठी मिलते ही गेट पर पीला कपड़ा बांध देना
चिट्ठी में लिखा है कि अगर बच्चों कि सलामती चाहता है तो चुपचाप पैसे दे दे। चिट्ठी मिलते ही अपने घर के दरवाजे पर पीला कपड़ा बांध देना। मेरा आदमी समझ जाएगा कि तू पैसे देने को तैयार है। तुझे एक दिन का टाइम देता हूं। शनिवार सुबह 5 बजे से पहले पैसे मिल जाने चाहिए। क्योंकि रविवार को तेरी एक बेटी की मौत का दिन है। और एक बात और अगर पुलिस या किसी और को बताया तो दो लाख क्या 20 लाख में भी अपने परिवार को नहीं बचा पाएगा।
तेरी बच्चियों को मारने के 6 लाख रुपये मिल रहे हैं
चिट्ठी में लिखा है कि दो लाख रुपये तुझे काला कपड़े में बांधकर अपने मकान के दाएं मकान के गेट पर रखने हैं। अब तेरी मर्जी है कि तुझे दो लाख रुपये प्यारे हैं या अपनी बच्चियां। वादा करते हैं कि जीवन भर तेरा साथ देंगे और समय-समय पर तुझे तेरे दुश्मनों से आगाह भी करते रहेंगे। किसी भी विपक्ष को पता ना चले, क्योंकि तेरी बच्चियों को मारने के 6 लाख रुपये हमें मिल रहे हैं। शनिवार सुबह तक पैसे रख देना नहीं तो हर सप्ताह परिवार के सदस्य की मौत के लिए तैयार रहना।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/