प्रेम प्रसंग में हत्या : कमरे में बंद कर दम तोड़ने तक प्रेमी को पीटते रहे प्रेमिका के पिता व चाचा
मेरठ। छह महीने के प्रेम-प्रसंग में अभिषेक की जान चली गई। प्रेमी-युगल ने एक ही साथ जीने मरने की कसम खाई थी। मगर, युवती के परिजनों ने पंचायत में ही धमकी दी थी कि अभिषेक नहीं माना तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि युवक को पूरे प्लान के साथ मारा गया। पिता और चाचा ने युवती अदिति से कॉल कराई और अभिषेक के आने पर उसे अलग कमरे में ले गए और बुरी तरह पीटने लगे। कमरे में बंद अभिषेक चिल्लाता रहा। पास ही दूसरे कमरे में प्रेमिका उसे बचाने के लिए चिल्लाती रही। आरोप है कि पिता और चाचा दम तोड़ने तक उसे पीटते रहे।
अदिति ने पुलिस को बताया कि उसने अभिषेक के साथ शादी की बात की, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे। तमाम बंदिशों के बाद भी अभिषेक और प्रेमिका के बीच फोन पर लगातार बातचीत हो रही थी।
युवती ने फोन पर अभिषेक को मना भी किया था कि वह आज ना आए, लेकिन वह नहीं माना। अभिषेक को उसके पिता और चाचा खींचते हुए दूसरे कमरे में ले गए थे। वहां उसे पीटा गया। करीब 20 मिनट बाद कोई आवाज नहीं आई।
बीए की पढ़ाई कर रहा था अभिषेक
अभिषेक के दो भाई और एक बहन हैं। अभिषेक बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। बहन सबसे बड़ी है। छोटा भाई आशीष है। अभिषेक के दादा धर्म सिंह लगभग एक दशक पूर्व गांव के प्रधान रहे हैं। मामले की जानकारी होने पर विधायक दिनेश खटीक उनके यहां पहुंचे। परिजनों को को सांत्वना दी।
हत्या के बाद घर में ही मौजूद रहा परिवार
शव मिलने तक प्रेमिका का पूरा परिवार घर पर ही मौजूद रहा। परिवार के लोगों घटना को अंजाम देने के बाद किसी प्रकार की कोई भय नहीं था। अभिषेक के घर से दो मकान छोड़कर ही आरोपी प्रेमिका का मकान है। इसी कारण पुलिस को तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में कोई समय नहीं लगा।