कोरोना वायरस की दवा बनाने का दावा करने वाले दुकानदार को पुलिस ने भेजा जेल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पवन कुमार यादव उर्फ पवन दास है। वह मूल रूप से राजस्थान के झुंझनू के खेतड़ी थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुरा का रहने वाला है। पिछले तीन साल से वह कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। पवन की कुल्फी और गोलगप्पे की दुकान है।
एसपी देहात के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया में एक वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ। इसमें पवन यादव कह रहा है कि विश्व में फैली महामारी कोरोना वायरस के उपचार के लिए वैक्सीन का फार्मूला तैयार किया गया है। वीडियो में वह हाथ में एक प्लास्टिक की शीशी लिए हुए है।
पवन यादव कह रहा है कि कोरोना को जड़ से समाप्त करने की दवाई भारत में 27 साल पहले ही बन चुकी है। एसपी का कहना है कि जनता में वैक्सीन को लेकर भ्रांति पैदा हो रही थी। इस संबंध में सहारनपुर के रामपुर मनिहारान निवासी अनिल कुमार ने जानी खुर्द थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पवन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो कबूला, बोला- प्रधानमंत्री को ही बताऊंगा
जानी इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी से कोई शीशी बरामद नहीं हुई, लेकिन उसने अपनी वीडियो होना कबूला है। वह वैक्सीन तैयार होने वाले अपने बयान पर भी अडिग है। पुलिस ने जब वैक्सीन के बारे में पूछताछ करनी चाही तो युवक ने कहा कि वह इस बारे में सिर्फ प्रधानमंत्री को ही जानकारी देगा।