हस्तिनापुर। नगर पंचायत की कूड़े से आय बढ़ाने की योजना साकार होती दिख रही है। यहां इसकी शुरुआत हो गई है। सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर का निर्माण भी नगर पंचायत में शुरू हो चुका है।
नगर पंचायत हस्तिनापुर के विशेष सफाई अधिकारी सौरव कुमार चौबे ने बताया कि नगर पंचायत हस्तिनापुर में सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर का निर्माण नगर पंचायत में हो रहा है। जिसमें कार्य करने के लिए सभी स्वच्छता ग्राही को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही नगर पंचायत ने कूड़े से आय बढ़ाने की योजना साकार कर दिखाया है। जिसमें नगर पंचायत के सफाईकर्मियों द्वारा कूड़ा घरों से अलग-अलग करके लिया जाता है। फिर नगर पंचायत सेंटर पर ले जाकर कंपोस्ट खाद के रूप में तैयार किया जाता है। साथ ही नगर पंचायत ने कूड़े से सोना बनाने की विधि को साकार कर दिया है। नगर पंचायत ने अभी तक 592 किलोग्राम कागज, गत्ता, प्लास्टिक, बोतल, लोहा आदि कूड़े की बिक्री की। इससे 2611 रुपये अर्जित किए हैं। शेष कूड़ा नगर पंचायत में एकत्रित किया जा रहा है। जिसे बाद में बेचा जाएगा। इस अवसर पर नगर पंचायत के चेयरमैन अरुण कुमार एवं ईओ निषाद मधुरमय आदि मौजूद रहे।