करवाचौथ के लिए बाजार में रही रौनक, देर रात तक महिलाओं ने लगवाई मेंहदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुहाग की लंबी आयु के पर्व करवाचौथ की पूर्व संध्या पर शहर के बाजारों में खासी रौनक रही। महिलाओं ने देर रात तक मेंहदी लगवाई, चूड़ी बाजार में चूड़ियों व कॉस्मेटिक्स की खरीदारी का आनंद लिया। शहर में सेंट्रल मार्केट, आबूलेन, बांबे बाजार, वैली बाजार, बेगमपुल, सदर, चूड़ी बाजार, वेस्टर्न कचहरी रोड, पीएल शर्मा रोड, शारदा रोड व साकेत के बाजार में भीड़ रही। महिलाओं ने पूजा के लिए मिट्टी के करवे, करवामाता का कैलेंडर व पूजा की अन्य सामग्री खरीदी। साड़ियां, गहने, बिछिए, पायल, मंगलसूत्र, चूड़ियां, कंगन, मेंहदी की कोन व पूजन सामग्री के साथ कॉस्मेटिक्स की खरीददारी भी खूब हुई। पूजा की थाली के लिए भी लोगों ने डिजायनर थाली को प्रमुखता दी। सबसे ज्यादा भीड़ मेंहदी वालों के यहां रही। मेंहदी लगाने वालों ने दोगुनी कीमतें लेकर मेंहदी लगाई।
शहर में कई स्थान पर होंगे सामूहिक आयोजन
रविवार को करवाचौथ होने के कारण विवाहित जोड़े बेहद उत्साहित हैं। करवाचौथ पर शहर में कई स्थानों पर सामूहिक आयोजन होते हैं। महिलाएं एक दूसरे के घर जाकर शाम को करवामाता का पूजन करके कथा सुनतीं हैं। फिर पूजा थाली का आदान प्रदान करतीं हैं। शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति की पूजा करके छन्नी में चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं। थापर नगर, साकेत, गढ़ रोड पर कई कालोनियों में सामूहिक पूजन होगा। कुछ क्लबों ने भी सामूहिक करवाचौथ पूजन रखा है। जिन विवाहिताओं की पहली करवाचौथ है उनके यहां विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
पतियों ने खरीदे उपहार
करवाचौथ पर पत्नी अपने पति की लंबी आयु के लिए दिन भर भूखी-प्यासी रहकर व्रत करती है। पतियों ने भी उपहार खरीदे। व्रत खुलवाने के बाद पत्नी को उपहार देने के लिए पतियों ने जमकर खरीददारी की। उपहार में देने के लिए साड़ी, मेकअप किट, शॉल, अंगूठी, नेकलेस, मंगलसूत्र, सुहाग का सामान, परफ्यूम, डियो, मोबाइल, क्राकरी, घड़ी, ब्रेसलेट व अन्य सामान खरीदा।