हादसे को कवर करने गए पत्रकार को जीआरपी थानेदार ने पीटा, केंद्रीय मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के शामली जनपद में जीआरपी पुलिसकर्मियों द्वारा एक पत्रकार की पिटाई करने के मामले में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मैं इस घटना पर रिपोर्ट मांगूगा।
ये था पूरा मामला
शामली में मंगलवार रात ट्रेन हादसे की कवरेज करने गए एक टीवी चैनल के पत्रकार की जीआरपी एसओ और कांस्टेबल द्वारा पिटाई की गई। देर रात तक थाने में पत्रकारों का हंगामा चला ।
इसके बाद एसपी शामली अजय कुमार जो लखनऊ मीटिंग में गए हुए थे, पत्रकारों ने उन्हें मामले से अवगत कराया उन्होंने जीआरपी के उच्चाधिकारियों से वार्ता की। एसपी शामली ने बताया कि इस प्रकरण में जीआरपी थाना एसएचओ और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच बैठा दी गई है। वहीं जिले के अन्य पत्रकार जीआरपी थानाध्यक्ष और सिपाही पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर जीआरपी थाने में धरने पर बैठ गए।
यूपी के शामली जनपद में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान एक पत्रकार भी मौके पर पहुंच गया और रिपोर्ट तैयार करने लगा। इसी दौरान जीआरपी पुलिसकर्मियों ने गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
वहीं इस मामले की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस वीडियो में रेलवे पुलिसकर्मी और खुद एसएचओ राकेश कुमार पत्रकार को लात घूंसों से बुरी तरह मार रहे हैं। पत्रकार का मोबाइल भी नीचे गिरा दिया गया। चर्चाएं यह भी है कि जीआरपी द्वारा पत्रकार के साथ थर्ड डिग्री जैसा बर्ताव किया गया।
अमित शर्मा का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व रेलवे की गड़बड़ी को उन्होंने उजागर किया था, जिसकी वजह से निजी कारणों से इस मामले की आड़ लेकर उन्हें पीटा गया। आरोप है कि जीआरपी पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे। पत्रकार का आरोप है कि पुलिस वालों ने पहले कैमरा छीन लिया और फिर मुंह में पेशाब कर दिया। इसके बाद उसे लॉकर में बंद कर दिया।
यह थी घटना
शामली शहर के बीचों बीच पड़ने वाले धीमानपुरा फाटक के आसपास रेलवे ट्रैक पर घुप अंधेरा था। फाटक बंद था। स्टेशन की तरफ से मालगाड़ी आई, फाटक से कुछ आगे गई और ट्रैक बदलते ही जैसे आगे बढ़ी तेज धमाका हुआ और मालगाड़ी के दो पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए।
हादसे के वक्त घटना स्थल से कुछ दूर पेड़ के नीचे बैठे लोगों ने बताया कि घटना के वक्त धीमानपुरा फाटक बंद था। अचानक तेज धमाका हुआ। बहुत तेज कुछ घिसटने की आवाज आई। वे डर गए। समझ नहीं सके कि आखिर क्या हुआ है। कुछ देर बाद मामला पता चला।
यहां से गुजर रहे रामकिशोर नाम के व्यक्ति ने बताया कि हादसे से पहले इतना तेज धमाका हुआ कि वे दहल गए। रेलवे ट्रैक पर अंधेरा था, कुछ जिधर से आवाज आई उधर भागे। वहां पता चला कि मालगाड़ी के डिब्बे ट्रैक से उतर गए हैं। कुछ लोगों ने बताया कि इस वक्त अक्सर लोग ट्रैक के पास नीचे जमीन पर बैठे रहते हैं। संयोग से उस वक्त आसपास कोई नहीं था वरना वे भी चपेट में आ सकते थे।
ट्रेनों का संचालन हुआ बाधित
शामली-सहारनपुर रेलमार्ग पर शामली स्टेशन के यार्ड में हुए हादसे के बाद दिल्ली सहारनपुर -रेलमार्ग पर आने वाली कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। दरअसल, क्षतिग्रस्त हुई मालगाड़ी में रेलवे ट्रैक पर डलने वाली बजरी भरी थी।
जिले के अन्य पत्रकार जीआरपी थानाध्यक्ष और सिपाही पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर जीआरपी थाने में धरने पर बैठ गए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर पहुंचकर पत्रकारों को समर्थन दिया।
बुधवार शाम को एसपी जीआरपी मौके पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाबुझाकर शांत किया। वहीं पत्रकारों ने थाने के एक अन्य इंस्पेक्टर व तीन सिपाहियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी जीआरपी ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/