कैराना: 5 हैंड ग्रेनेड व पिस्टल सहित धरा गया इसरार, बड़ी वारदात की आशंका, खुफिया विभाग अलर्ट
उत्तर प्रदेश में हथियार तस्करी को लेकर एक बार फिर कैराना सुर्खियों में आ गया है। कैराना के मोहल्ला रेतावाला निवासी इसरार को हरियाणा के जनपद जींद में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से सीआईए हरियाणा ने पांच हैंड ग्रेनेड और पिस्टल बरामद की है। इससे बड़ी वारदात की साजिश की आशंका पैदा हो गई है। इसरार की गिरफ्तारी के बाद कैराना में भी खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है।
हरियाणा के जनपद जींद में सीआईए की विशेष टीम ने बुधवार को कैराना के मोहल्ला दरबारखुर्द रेतावाला वार्ड-13 निवासी इसरार को गिरफ्तार किया। आरोपी के परिजनों को उसके पकड़े जाने की कोई खबर नहीं है। इसरार के भाई अकबर ने बताया कि रविवार शाम एक युवक उसके भाई को बुलाकर ले गया था, जिसकी भाषा व बोलचाल से महसूस हो रहा था कि वह हरियाणा का रहने वाला है।
तभी से उसके भाई से उनका कोई संपर्क नहीं हो रहा था, जिस कारण वह भी परेशान थे। इसरार काफी दिनों से हरियाणा के जींद में रहकर फर्नीचर का सामान बनाने का कार्य करता था।
वहीं, इसरार की पत्नी ने इमराना ने बताया कि उसे अपने पति के पकड़े जाने की कोई जानकारी नहीं है। आरोप लगाया कि वह पकड़ा नहीं गया, बल्कि फंसाया गया है। पत्नी ने बताया कि उसके पति पर कोई केस नहीं है। हालांकि, वह पड़ोस के झगड़े में एक बार बंद हुआ था, लेकिन उसमें फैसला हो गया था।
उधर, हैंड ग्रेनेड के साथ हुई आरोपी इसरार की गिरफ्तारी के बाद कैराना फिर से सुर्खियों में आ गया है। कैराना के शातिर बदमाश विदेशी हथियार, जाली करेंसी व मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दे चुके हैं। स्थानीय खुफिया तंत्र ने आरोपी के करीबियों की कुंडली खंगालनी शुरु कर दी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/