सात साल की मासूम है वह... अभी तो उसे आरोपी का चेहरा याद है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नौचंदी थाने में हंगामे के दौरान पीड़ित बच्ची के परिवार की महिलाओं की एसपी सिटी, विधायक और भाजपाइयों से बहस हो गई। थाने पहुंचे एसपी सिटी ने विधायक सोमेंद्र तोमर और भाजपा नेताओं से अलग कमरे में बात की। इसके बाद उन्होंने वहां जमा भीड़ के सामने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। स्कूल की प्रधानाचार्या और उपप्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। इस पर वहां मौजूद बच्ची की चाची बिफर गई। बोली कि दो घंटे से थाने में बैठे हैं, अब तक तो रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, तो आरोपी को कब तक पकड़ोगे? इस पर भाजपा नेता करुणेश नंदन गर्ग ने कहा कि पुलिस को कुछ वक्त तो दो। ये सुनकर वह बोली कि सात साल की बच्ची है। अब तो उसे आरोपी का चेहरा याद है, बाद में वह कैसे पहचानेगी। मुझे भी चार दिन बाद तो आपका चेहरा भी याद नहीं रहेगा, फिर वह तो बच्ची है। वह जिद पर अड़ गई कि पुलिस आज ही आरोपी को पकडे़। बाद में अधिकारियों ने किसी तरह उसे समझाकर शांत किया।
कानून हाथ में लिया तो रिपोर्ट दर्ज होगी
नौचंदी थाने में एसपी सिटी और विधायक सोमेंद्र तोमर वार्ता के बाद चलने लगे तो तभी एसपी सिटी के पास फोन आया कि भीड़ फिर से स्कूल में धावा बोलने जा रही है। एसपी सिटी ने ये जानकारी विधायक को दी तो विधायक ने थाने में जमा भीड़ से कहा कि ये सब नहीं चलेगा। कानून हाथ में ना लें। उन्होंने चेताया कि ऐसा करने वालों पर भी रिपोर्ट दर्ज होगी।
सिटी बस पर पथराव, ई-रिक्शा पलटने की कोशिश
गांधी आश्रम चौराहे पर जाम लगा रही भीड़ को पुलिस ने शांत रहने की खूब नसीहत दी। लेकिन वह पुलिस वालों के खिलाफ नारेबाजी करती रही। इस बीच भीड़ ने सिटी बस पर पथराव कर दिया। चालक ने बस को दौड़ा लिया। भीड़ एक ई-रिक्शा को पलटने का प्रयास कर एक कार में तोड़फोड़ के लिए भागी। माहौल खराब होता देख पुलिस ने सख्ती की तो एक युवक पुलिसकर्मी से ही उलझ गया। कुछ युवक पत्थर उठाने लगे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लाठीचार्ज से इंकार किया है।
घटना को सांप्रदायिक तूल देने की कोशिश, एसपी सिटी ने डॉक्टरों से बात कराई
बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को सांप्रदायिक तूल देने की भी कोशिश की गई। वहीं, भाजपा विधायक और हिंदू संगठनों के नेताओं को एसपी सिटी ने खुद जिला अस्पताल ले जाकर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने वाले डॉक्टरों से बात कराई। जिसके बाद थाने पहुंचकर भीड़ को शांत किया गया।
बुधवार शाम किसी ने शोर मचा दिया कि दुष्कर्म का आरोपी छात्र दूसरे समुदाय का है। इसके बाद ही बखेड़ा होना शुरू हुआ। भाजपा विधायक के अलावा भाजपाई और हिंदू संगठनों के नेता भी मौके पर पहुंच गए। जगह-जगह बवाल होने लगा। मामला तूल न पकड़ ले इसलिए पुलिस पीड़ित छात्रा और उनके कुछ परिजनों को महिला थाने ले गई। इसके बाद एसपी सिटी खुद विधायक और हिंदू संगठनों के नेताओं को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां बच्ची का मेडिकल परीक्षण करने वाले चिकित्सक से बात कराई। बकौल एसपी सिटी परीक्षण में बच्ची से दुष्कर्म होने की पुष्टि नहीं हुई। एसपी सिटी ने नेताओं से कहा कि वह बेवजह बवाल कर रहे लोगों के बीच जाकर उन्हें समझाएं। पुलिस बच्ची के परिजनों को भी संतुष्ट करने में लगी थी।
हम भी जिम्मेदार लोग हैं एसपी साहब
एसपी सिटी जब महिला थाने से नौचंदी थाने पहुंचे तो वहां मौजूद भाजपा विधायक और अन्य नेताओं से कहा कि अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है और आप यहां भीड़ जमा किए हैं। बेवजह शहर में जगह-जगह जाम लग रहे हैं। तीन जगह तो वह खुद जाम खुलवाकर आ रहे हैं। इस पर विधायक सोमेंद्र तोमर एसपी सिटी से बोले कि जिस तरह आप जिम्मेदार अधिकारी है, उसी तरह वह भी जनता के प्रति जिम्मेदार हैं।
स्कूली छात्रा से गैंगरेप की खबर आग की तरह फैली
शिक्षा के मंदिर में सात साल की बच्ची से हैवानियत की खबर आग की तरफ फैली तो चारों तरफ जनाक्रोश भड़क गया। पहले स्कूल में तोड़फोड़, आगजनी फिर नौचंदी थाने में हंगामे के बाद गढ़ रोड पर जाम लगाकर वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ से हालात बेकाबू हो गए। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। नौचंदी क्षेत्र में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
पुलिस समय से नहीं समझ सकी मामले की गंभीरता
यह बच्ची दोपहर को छुट्टी के बाद स्कूल से घर पहुंची, तो उसकी हालत खराब थी। उसके साथ गलत काम होने की बात सामने आने पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। भीड़ ने जब स्कूल पर धावा बोला तो प्रधानाचार्य ने इसकी सूचना नौचंदी थाना पुलिस को दी। लेकिन मामले को हल्के में लेते हुए काफी देर बाद भी गिने-चुने पुलिसकर्मी ही स्कूल पहुंचे। तब तक भीड़ स्कूल में तोड़फोड़ और आगजनी कर चुकी थी। भीड़ ने इन पुलिसकर्मियों के सामने ही दो शिक्षिकाओं को स्कूल की गली में बुरी तरह पीटा। भीड़ के आक्रोश के आगे ये पुलिस वाले बेबस नजर आए। हालांकि स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह बीचबचाव कर दोनों शिक्षिकाओं को किसी तरह थाने पहुंचाया गया।
शोर मचता रहा, भीड़ बढ़ती गई, पुलिस दौड़ती रही
इसके बाद भीड़ शोर मचाते हुए नौचंदी थाने में घुस गई। लेकिन यहां उन्हें संभालने को केवल इंस्पेक्टर के अलावा तीन-चार पुलिस कर्मी ही थे। पुलिसकर्मी यहां लोगों के आक्रोश से जूझ ही रहे थे कि गांधी आश्रम पर जाम लगाने की सूचना आ गई। पुलिसकर्मी वहां दौड़े। लेकिन 15 मिनट बाद ही हंस चौराहे पर भीड़ ने जाम लगा दिया। जिस पर आसपास के थानों से फोर्स बुलाया गया। भीड़ ने वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन ने गुस्साए लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह शांत किया। लेकिन देर शाम भीड़ ने फिर हंस चौराहा जाम कर पथराव कर दिया।
घटनाक्रम समय दर समय
2:30 बजे - बच्ची ने घर आकर घटना की जानकारी दी
3:40 बजे - स्कूल में तोड़फोड़, आगजनी, शिक्षिकाओं की पिटाई
4:30 बजे - भीड़ नौचंदी थाने पहुंची, हंगामा
4:45 बजे - विधायक सोमेंद्र तोमर, भाजपा नेता करुणेश नंदन गर्ग थाने पहुंचे ।
5:00 बजे - गढ़ रोड पर गांधी आश्रम के सामने जाम लगाया।
5:15 बजे - हंस चौराहे पर जाम लगाया
5:30 बजे - पुलिस ने लाठी फटकारी, भीड़ को खदेड़ा
5:45 बजे - एसपी सिटी ने पहुंचकर लोगों को समझाया
6:00 बजे - भीड़ ने दोबारा हंस चौराहा जाम किया
6:15 बजे - एसपी सिटी नौचंदी थाने पहुंचे, भाजपाइयों से बातचीत
6:30 बजे - विधायक, एसपी सिटी से पीड़ित छात्रा के परिवार की महिलाओं की बहस
6:40 बजे - परिजनों को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर एसपी सिटी लौटे
7:30 बजे - हंस चौराहे पर भीड़ ने वाहनों पर पथराव किया
7:45 बजे - पुलिस ने लाठीचार्ज कर जाम खुलवाया।