देवबंद: पति ने दोस्तों संग मिलकर पत्नी से किया दुष्कर्म, तीन तलाक का आरोप, डीएम से लगाई गुहार
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने सोमवार को डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ला पठानपुरा निवासी एक व्यक्ति से उसका प्रेम प्रसंग हो गया था।
शादी का झांसा देकर वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। लेकिन बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद उसने पुलिस में इसकी शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई की तो बीती 16 अगस्त को उसने उससे शादी रचा ली और किराए का मकान लेकर वह अलग रहने लगे।
महिला का आरोप है कि पूर्व में पुलिस से कराई कार्रवाई के चलते वह उससे रंजिश रखने लगा और इसी के चलते तीन नवंबर को पति ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर दिया और अपने चार साथियों के साथ मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोप है कि इस दौरान पति ने उसकी वीडियो भी बनाई। जिसके चलते वह उसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोप लगाया कि अब उसके बाद पति ने मारपीट कर घर से निकालते हुए उसे तीन तलाक दे दिया है। महिला ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि वह तीन बाद न्याय के लिए थाना गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस क्षेत्राधिकारी चौब सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, वह इस मामले की जानकारी कराने के बाद जांच कराएंगे जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।