यूपी: मुठभेड़ में दबोचे गए चार शातिर बदमाश, महिला से लूटे रुपए और तीन तमंचे बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर में बंधन बैंक की महिला कर्मचारी के साथ तीन दिन पूर्व हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सरसावा पुलिस ने एक ही रात में दो मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दूसरी मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश मोंटी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे, लूटे गए 61 हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद किया है।
सरसावा में 15 जुलाई को गुरुकुल वर्ल्ड एजूकेशन स्कूल के निकट बंधन बैंक की महिला कर्मचारी रानी देवी से 96960 रुपये की हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि लूट के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं थीं। बुधवार रात दस बजे पुलिस को लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के ग्राम गदरहेड़ी के भट्ठे के पास होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भट्ठे के निकट मौजूद तीन आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस से घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिस ने तीनों को घेरकर दबोच लिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम बाबू उर्फ तीरथपाल, रोहित निवासी ग्राम गदरहेड़ी, वाजिद उर्फ चुन्नू निवासी ग्राम अगवानहेड़ा बताया। एसपी देहात विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के पास से बैंक कर्मी रानी देवी से लूटे गए 50 हजार रुपये, दो तमंचे एवं एक चाकू बरामद किया।
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बाबू, रोहित और वाजिद ने अपने चौथे साथी का नाम मोंटी एवं उसका पता बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत ही सदर कोतवाली क्षेत्र के पेपर मिल रोड स्थित हिम्मतनगर निवासी मोंटी को तलाशना शुरू कर दिया। रात लगभग 12 बजे पुलिस ने नकुड़ रोड पर गुरुकुल स्कूल के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे मोंटी को घेर लिया। मोंटी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोंटी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया और गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। मोंटी के पास से पुलिस ने बंधन बैंक की महिला कर्मचारी से लूटे 11000 रुपये, एक तमंचा, एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।
ग्राम झबीरन में ठेके पर भी की थी लूट
एसपी देहात विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों ने 19 मार्च 2019 की रात राजवीर सिंह निवासी ग्राम झबीरन थाना सरसावा के ठेके पर पहुंचकर सेल्समैन रवि निवासी ग्राम झबीरन से 16000 रुपये एवं मोबाइल फोन लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। इस मामले में राजवीर ने सरसावा थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/