सत्ता के नशे में चूर भाजपाइयों ने SP सिटी को उन्हीं के दफ्तर में दी खुली धमकी, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में भगत सिंह मार्केट में हुई मारपीट और सांप्रदायिक तनाव के मामले में भाजपाइयों ने सत्ता की हनक दिखाते हुए सीधे एसपी सिटी को उन्हीं के दफ्तर में चुनौती दे डाली। भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा पर दर्ज हुए मुकदमे के विरोध में भाजपा नेताओं और व्यापारियों ने एसपी सिटी को घेर लिया। कमल दत्त शर्मा ने हंगामा करते हुए एसपी सिटी मानसिंह चौहान को धमकाते हुए कहा कि एसपी साहब गलतफहमी दिमाग से निकाल देना। एसपी सिटी ने इस व्यवहार से आला अफसरों को अवगत कराया है। उधर, इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, महामंत्री अरुण वशिष्ठ, भाजपा नेता बिजेंद्र अग्रवाल, भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा और अन्य भाजपाई शाम करीब चार बजे घंटाघर स्थित एसपी सिटी ऑफिस पहुंचे। कमल दत्त शर्मा एसपी सिटी पर बरस पड़े। कहा, एसपी सिटी साहब दिमाग से गलतफहमी निकाल देना। मुझे बंद करोगे? मैं एक हजार जगह जाऊंगा। मुझ पर मुकदमा दर्ज करा दिया। डीएम, एसएसपी, एसपी सिटी तय करेंगे कि थाने में किस पर मुकदमा दर्ज होगा। मैंने मौके पर पहुंचकर क्या उत्पात मचाया। आपकी पुलिस का साथ दिया.. मैंने कानून का साथ दिया। हमारे पीड़ित व्यापारी पर मुकदमा दर्ज कर दिया। आप मेरठ का इतिहास नहीं जानते, हम एसपी सिटी ऑफिस में बात कर रहे हैं। हमें बेवकूफ समझ रखा है। शुक्रवार को भी दो बजे का समय दिया। लेकिन मिले नहीं। हम यहां लाइन लगा देंगे। हालांकि एसपी संयम के साथ पूरी बातचीत सुनते रहे।
दरअसल हापुड़ अड्डे से सटे भगत सिंह मार्केट में बृहस्पतिवार को पुलिस ने अतिक्रमण हटवाया था। इस दौरान व्यापारी नितिन अरोड़ा और दूसरे पक्ष से महमूद में विवाद हो गया था। रात में दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए थे। दूसरे समुदाय के पक्ष ने नितिन की शॉप में घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद सांप्रदायिक तनाव हो गया। भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा और युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली में तीखी नोकझोंक हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा समेत दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज किया था।
पढ़ें : लव जिहाद के नाम पर गुंडागर्दी, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने तीन युवकों को पीटा
हम दबाव में नहीं हैं
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस इस प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। बदर अली, कमलदत्त शर्मा और अनस के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है, उसकी जांच होगी। पुलिस किसी के भी दबाव में नहीं है। यदि मौके पर फोर्स न पहुंचती तो भीड़ को कौन संभालता। इस दौरान तुषार गुप्ता, हेमंत चावला, नवीन अरोड़ा, नवजोत भाटिया, रितेश मंगा, अर्पित भारद्वाज, अनुज, जितेंद्र पाहवा और अन्य रहे।
पुलिस कर रही जांच
एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने कहा कि भगत सिंह मार्केट प्रकरण में पुलिस ने दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस जांच कर रही है। भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा की एक वीडियो सामने आई है। जिसमें भाजपा नेता ने एसपी सिटी से अभद्रता की है। पूरे मामले में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वीडियो के आधार पर रिपोर्ट बनाकर लखनऊ भी भेजी जा रही है।
कमलदत्त शर्मा ने काफी अभद्रता की
एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने बताया कि भाजपाइयों ने मिलने का समय मांगा था, जिसके बाद भाजपा नेता और व्यापारी मेरे कार्यालय में आए थे। यहां कमलदत्त ने काफी अभद्रता की। मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की, पर वह नहीं माने। इस बाबत मैंने उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/