बागपत: बाइक स्टंट करने को रोका तो दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, पांच घायल, पीएसी तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत जनपद के खेकड़ा में बाइक तेज चलाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। यहां तक की दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। संघर्ष में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। साथ ही पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। इस वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मोहल्ले में तनाव को देखकर क्षेत्र में पीएसी तैनात कर दी।
शहर की नई बस्ती में हबीब एवं साबुद्दीन के परिवार रहते हैं। बुधवार को दोपहर करीब बारह बजे हबीब और साबुद्दीन के परिवार के सदस्यों में मार्ग पर बाइक तेज चलाने से मना करने के चलते हुई कहासुनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों में धारदार हथियार एवं लाठी डंडे चले। इसमें एक पक्ष का शौकत मलिक पुत्र हबीब, दूसरे पक्ष का अबरार पुत्र कल्लू, आसिफ, राशिद, साजिद पुत्र साबुद्दीन व साबुद्दीन समेत पांच लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में एक पक्ष के शौकत मलिक ने मार्ग से गुजरते समय साबुद्दीन के पुत्रों पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया। जबकि दूसरे पक्ष के साबुद्दीन व उसके पुत्रों ने आरोप लगाया कि शौकत का पुत्र शाहिद मोहल्ले में बाइक को तेज गति के साथ दौड़ा रहा था। बाइक दौड़ाने से मना करने पर उन्होंने धारदार हथियारों और लाठी डंडों से हमला बोलकर घायल कर दिया।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही मोहल्ले में पीएसी एवं कोतवाली पुलिस के जवान तैनात कर दिए। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी।
इसके अलावा क्षेत्र के ग्राम रटौल निवासी वृद्ध जयपाल कश्यप बुधवार की सुबह करीब नौ बजे घायल अवस्था में खेकड़ा कोतवाली में पहुंचा। वहां उसने पड़ोसी दो युवकों पर तमंचे का बट मारकर घायल करने का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने घायल का सीएचसी में इलाज कराने के साथ ही हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/