वांछित की तलाश में दबिश देने गई टीम पर हमला, फायरिंग, बाल बाल बचे पुलिसकर्मी, आरोपी दबोचा
थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम राधना गांव में रागिब पुत्र मोहम्मद अली के यहां दबिश देने गई थी। राकिब ने पुलिस को देेखते ही पार्टी पर गोली चलानी शुरू कर दी।
जिससे पुलिस पार्टी में शामिल पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को घेरकर दबोच लिया। पुलिस ने बताया की आरोपी से एक तमंचा 315 बोर तथा एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें: दोस्त बने दरिंदे: भरोसे में लिया और फिर तबाह की जिंदगी, परिचितों ने ही दिया दगा तो पीड़िता ने चुना मौत का रास्ता
गौरतलब है कि इस गांव में अब तक कई बार अवैध हथियारों की तस्करी और गोतस्करी जैसे मामले सामने आ चुके हैं। कुछ तो व्यापार के माध्यम से खरीदे गए पशुओं के रुपये नहीं लौटाते तो कुछ पशु चोरी में लिप्त रहते हैं।
महीने में इस गांव से इस तरह के एक या दो मामले सामने आ ही जाते हैं, जिसमें इस गांव के लोगों की तलाश में पुलिस दबिश देती रहती है, लेकिन दबिश देने आई पुलिस पर हर बार ग्रामीण भारी पड़ते हैं और बिना किसी डर के पुलिस पर हमला बोल देते हैं।
वहीं आरोपी को न छुड़ा पाने की स्थिति में ये लोग पुलिस पर लूट और महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगा देते हैं। यहां घरों में ईंट-पत्थरों को पुलिस पर हमला बोलने के लिए पहले से जमा करके रखा गया है।
ग्रामीण इकट्ठा होकर हमला बोलते हैं और पुलिस से खींचा तानी या अभद्रता भी कर डालते हैं। नतीजा ये होता है कि या तो पुलिस के जवानों को बंधक बना लिया जाता है या फिर पुलिसवालों के सिर भी फूट जाते हैं।