संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में प्रतिष्ठित कंपनियों की बेडशीट पर फर्जी टैग लगाकर बाजार में बेचने वाले बड़े नेटवर्क का बुधवार को एसओजी टीम ने भंड़ाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान मोहल्ला धर्मपुरा स्थित शहजाद टैक्सटाइल समेत कई गोदामों पर छापा मारा गया था, जहां से काफी मात्रा में फर्जी टैग लगी बेडशीट, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद हुईं। बरामद माल की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई।
एसओजी प्रभारी अखिलेश गौड़ और कंपनी के आपरेशन मैनेजर अजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आदिल, शहजाद, आरिफ सहित 13 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें कई श्रमिक नाजिर, अमनखान, अमजद, उजैव, फैजान, परवेज आलम, सादिक, दानिश, आबिद गुड्डी और अब्दुल कलाम भी शामिल हैं। हालांकि, कार्रवाई के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। श्रमिकों का शांति भंग की धारा में चालान किया गया है। छापे के दौरान झिटकरी रोड नई बस्ती समेत अन्य गोदामों पर भी दबिश दी गई। कई गोदाम संचालक शटर गिराकर मौके से भाग गए।