मेरठ: नकली पेट्रोल-डीजल की दुकान में धमाके के साथ लगी भयंकर आग, मची भगदड़
मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले क्षेत्र खुशहाल नगर में नकली डीजल-पेट्रोल की दुकान में जब धमाकों के बाद आग भड़की तो इलाके में भगदड़ मच गई। आग इतनी भयावह थी कि बराबर वाली एक दुकान और मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने दुकानदार की तलाश की, लेकिन वह फरार मिला।
भीषण आग को देखकर लोगों में अफरातफरी मच गई। शोर मच गया कि दुकान में काफी मात्रा में नकली पेट्रोल डीजल है, जिसके बाद आसपास की दुकानों और मकानों को खाली करना शुरू कर दिया गया। कड़ाके की ठंड में महिलाएं और बच्चे भी दहशत में घंटों बाहर खड़े रहे। जब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया तो तब जाकर लोग अपने घर लौटे। आग की इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस की सेटिंग से धंधा
घनी आबादी के बीच लिसाड़ी गेट क्षेत्र में हो रहे इस नकली तेल के कारोबार को पूरी तरह से पुलिस की सेटिंग से अंजाम दिया जा रहा है। यहां आग से बचने के कोई इंतजाम नहीं हैं। अग्निशमन यंत्र तो दूर की बात, आग लगने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तक नहीं पहुंच पाती है, क्योंकि यहां रास्ते ही इतने तंग हैं। यह धंधा पुलिस की सेटिंग से चलने को लेकर कई बार स्थानीय लोग शिकायत कर चुके हैं, बावजूद संबंधित विभाग खामोश हैं। सोमवार को गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई। लेकिन कई दुकानों और घरों में दरार आ गईं।
आग से पोल खुलती है... फिर सब खामोश
20 अगस्त को परतापुर में पारस और गणपति केमिकल फैक्टरी में नकली पेट्रोल-डीजल बनने की पोल खुली। दस लोग जेल गए। उसके बाद कई तेल कारोबारियों के अवैध धंधों की पोल खुली। मेजर ध्यानचंदनगर में केमिकल के अवैध गोदाम में भीषण आग लगी। जांच के लिये पांच विभागों की टीम गठित हुई, इसके बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला। तीन सप्ताह बीतने के बावजूद भी कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
उसके बाद बागडियान मोहल्ले में केमिकल को नाले में बहाया गया। जिसमें आग लगने से भी पोल खुली थी। इसकी भी कोई जांच पड़ताल नहीं की गई। अब लिसाड़ीगेट के खुशहालनगर में नकली पेट्रोल डीजल की दुकान में आग लगी है। सवाल उठता है कि अब इसकी जांच कैसे होगी। नीचे से ऊपर तक ऐसी सेटिंग है कि आग से पोल खुलने के बाद कार्रवाई के नाम पर सब खामोश हो जाते हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/