शराबी पिता ने बच्चों को कमरे में बंद कर लगाई आग, मची चीख-पुकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मेरठ में आर्थिक तंगी से परेशान एक शराबी युवक ने मंगलवार दोपहर अपने दो मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर घर में आग लगा दी। बच्चों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर बच्चों को बचाने का प्रयास किया। इस पर नशेबाज आरोपी ने एक युवक पर जलती हुई रजाई फेंक दी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चों को घर से बाहर निकालकर आग बुझाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शराबी को हिरासत में लिया है। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया।
दौराला कस्बा निवासी अशोक वर्मा (50) पुत्र ओमपाल के तीन बच्चे प्राची (12), कन्नू (8) और वीशू (4) हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि अशोक शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में वह आए दिन घर में झगड़ा करता है। वह बच्चों के पालन पोषण के लिए भी कुछ काम नही करता है। उसके शराब पीने व मारपीट करने की आदत से तंग आकर दो साल पहले पत्नी रीना भी उसे छोड़ कर चली गई थी। अशोक के साथ फिलहाल तीनों बच्चे और 80 वर्षीय मां मूर्ति रहती है।
पड़ोसियों ने बताया अशोक के घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसकी मां किसी तरह बच्चों की परवरिश करती है। मंगलवार दोपहर मूर्ति किसी काम से घर से बाहर थी। बेटी प्राची स्कूल गई थी। इसी दौरान अशोक ने शराब के नशे में दो बच्चे कुन्नू व वीशु के साथ मारपीट की। इसके बाद बच्चों व खुद को एक कमरे में बंद कर आग लगा ली। बच्चों की चीख पुकार सुनकर मौके पर लोग जमा हो गए। उन्होंने दरवाजा तोड़कर बच्चों को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अशोक ने पड़ोसी अशोक पाठक पर जलती हुई रजाई फेंक दी। इससे वह झुलस गया। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल के बेटे ललित ने थाने पर मामले की तहरीर दी है।
बूढी मां का बुरा हाल
पूरे घटना क्रम के दौरान आरोपी अशोक वर्मा की मां मूर्ति देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार कह रही थी कि थाने से आने के बाद वह फिर से उसे व बच्चों के साथ मारपीट करेगा। पड़ोसियों ने बताया कि अशोक आए दिन बच्चों के साथ मारपीट करता है। कई बार तो अपनी मां के साथ भी मारपीट की है।
बेटी पर रखता है बुरी नजर
हादसे के दौरान एकत्र ग्रामीणों ने बताया कि वह अपनी बेटी पर भी बुरी नजर रखता है। मगर उसकी मां मूर्ति देवी इसका विरोध करती हैं। इसके कारण वह आए दिन बच्चों के साथ मारपीट करता है।
पहले भी कर चुका मारने का प्रयास
ग्रामीणों ने बताया कि अशोक वर्मा पहले भी अपने बच्चों को मारने का प्रयास कर चुका है। एक बार तो अपने बच्चों को रेलवे ट्रैक पर ले गया था, मगर ग्रामीणों ने बच्चों को वापस भेज दिया था। अशोक की हरकतों से ग्रामीण भी परेशान हैं।
तुम भी मारोगे मुझे सेल्यूट
बच्चों को सुरक्षित कमरे से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने शराबी अशोक वर्मा को हिरासत में ले लिया। इस दौरान अशोक के सिर पर नशा चढ़कर बोल रहा था। नशे में आरोपी पुलिस से बोला कि कोई बात नहीं अभी तुम मुझे ले जा रहे हो मगर कुछ देर बाद ही तुम मुझे सेल्यूट मारोगे। वापस मुझे घर छोड़कर आओगे।
एसएसआई दौराला धारा सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। घायल व्यक्ति के बेटों ने मामले की तहरीर दी है। कार्रवाई की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/