Meerut: हाईवे पर दंपती का चार किमी पीछा, कार सवार युवकों ने किया हमला, शराब की बोतलों से दहशत
मेरठ दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कार सवार युवकों ने दंपती की कार का चार किलोमीटर तक पीछा किया और शराब की बोतलें फेंककर हमला किया। महिला ने घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को शिकायत दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-देहरादून मार्ग पर शनिवार रात एक दंपती के साथ सनसनीखेज घटना सामने आई। कार सवार चार-पांच युवकों ने टूर एवं ट्रैवल्स व्यापारी रवि रस्तोगी और उनकी पत्नी की कार का करीब चार किलोमीटर तक पीछा किया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए कार को रोकने की कोशिश की और बाद में शराब की बोतलें फेंककर हमला किया।
घटना के बाद दंपती ने पुलिस से शिकायत की है। महिला ने आरोपियों की हरकतों का वीडियो भी अपने मोबाइल में बना लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: Yogi Cabinet Expansion: भाजपा ने पश्चिम से खेला जाट और गुर्जर कार्ड, इनका बढ़ा कद; इस समाज को फिर मिली निराशा
बागपत रोड स्थित ऋषिनगर निवासी रवि रस्तोगी ने बताया कि शनिवार रात वह अपनी पत्नी के साथ लगभग पौने ग्यारह बजे दिल्ली-देहरादून मार्ग स्थित एक होटल में भोजन करने गए थे।
भोजन के बाद जब वे रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मेरठ बाईपास की ओर लौट रहे थे और डुंगरावली कट से वापस मुड़े, तभी एक चांदी रंग की कार में सवार पांच-छह युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे और लगातार गाली-गलौज करते हुए उनकी कार को रुकवाने का प्रयास कर रहे थे।
कार में मारी टक्कर, फिर फेंकी शराब की बोतल
सुभारती विश्वविद्यालय के पास आरोपियों ने उनकी कार के दाहिनी ओर अपनी कार से साइड मार दी, जिससे उनकी कार पर खरोंच आ गई। इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। इसके बाद गॉडविन रोड के पास भी उनकी कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। जब वे बागपत रोड की ओर पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी कार पर शराब की बोतलें फेंक दीं। इस दौरान रवि रस्तोगी की पत्नी घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल से आरोपियों की हरकतों का वीडियो बना लिया।
आरोपियों की कार पर पहले से कई चालान
पीड़ित का कहना है कि जिस कार से उनका पीछा किया गया, उस वाहन के पहले से पांच चालान दर्ज हैं। यह चालान तेज रफ्तार में वाहन चलाने के कारण हुए बताए जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र के निवासी हो सकते हैं। पुलिस ने एक युवक को थाने बुलाकर पूछताछ भी की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद रवि रस्तोगी भोला रोड स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे निगरानी उपकरणों की जांच भी की। टीपीनगर थाना प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में वाहन मोड़ने के दौरान कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपियों ने पीछा किया।
नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।