मेरठ: व्यापारी की हत्या मामले में एसओ पर गिरी गाज, एसएसपी ने किया निलंबित, जांच जारी
मेरठ के जागृति विहार सेक्टर-2 में मंगलवार को हुई व्यापारी अमन जैन की हत्या के मामले में एसएसपी ने लापरवाही के आरोप में एसओ मेडिकल कुलवीर सिंह को निलंबित कर दिया है। इससे पहले भी मेडिकल पुलिस पर कई बार आरोप लग चुके हैं।
ये थी पूरी घटना
मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार में मंगलवार को चार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की और विरोध करने पर सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पीड़ित के अनुसार, बदमाश 10 लाख रुपये नकद और पांच किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर आक्रोश जताया। पुलिस ने लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही शुरुआती जांच में एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जागृति विहार सेक्टर दो में सराफा व्यापारी सतीश कुमार जैन की घर में ही ज्वेलरी शॉप है। दोपहर 12:40 बजे वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस चार बदमाश दुकान में घुस आए और लूटपाट शुरू कर दी। सतीश के विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा अमन जैन दुकान पर आ गया। अमन ने भी पिता के साथ विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी और सतीश के सिर पर भी पिस्टल से प्रहार किया। तीन मिनट में लूटपाट के बाद बदमाश पिस्टल लहराते हुए भाग गए। पूछताछ के दौरान पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अलग-अलग बाइक से सात बदमाश आए थे। इनमें से चार ही दुकान के अंदर आए थे, जबकि तीन बाहर रहकर निगरानी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: चिल्लाते रहे बेबस पिता, हंसते रहे बदमाश, खौफनाक थी वारदात, देखिए तस्वीरें
वारदात के बाद व्यापारी और स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने घायल अमन को आनन-फानन में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन परिवार का इकलौता बेटा था। जानकारी पर व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाजार बंद कर आक्रोश जताया। माहौल बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिविल लाइन समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्होंने आक्रोशित लोगों को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। एसटीएफ भी लगाई गई है। कुछ अहम सुराग मिल गए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/