सहारनपुर: दो समुदाय में खूनी संघर्ष, जमकर पथराव, महिलाओं समेत एक दर्जन लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर के जटौला तैय्यबपुर गांव में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हो गया जिसमें दोनों ओर से चार महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला अलग- अलग समुदाय का होने से तनाव की स्थिति हो गई। सूचना मिलते ही अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।
सोमवार की रात्रि जटौला तैय्यबपुर गांव निवासी फैय्याज और मामचंद के बीच घर के सामने बनी नाली में लघुशंका करने को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच गाली गलौज होने लगा और देखते ही देखते वह आपस में भिड़ गए। इस दौरान शोर सुनकर दोनों पक्षों के परिवारों के लोग आमने सामने आ गए और उनमें पथराव होने लगा। इसमें एक पक्ष की प्रियंका, जगवती, अनारी, रति, मामचंद, टोनी और दूसरे पक्ष का फैय्याज, शराफत, मोमिना, जुबैर, शहजाद और सद्दाम घायल हो गए।
वहीं अलग अलग संप्रदाय के बीच पथराव होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी आनन फानन में फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और बमुश्किल लोगों को समझाकर स्थिति को काबू किया। बाद में पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से कई लोगों को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि दोनों में मामूली कहासुनी को लेकर मारपीट हुई है। दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। जो कोई भी शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/