मेरठ: रोडरेज में रिटायर्ड सैनिक ने ई-रिक्शा चालक को गोली मारी, कार में टक्कर लगने के बाद की वारदात
-नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर निवासी शादाब पुत्र सलीम ई रिक्शा चलाता है। सोमवार दोपहर वह सवारी लेकर भूमिया पुल से खत्ता रोड की तरफ जा रहा था। ई रिक्शा चालक का दोस्त राजू भी साथ में था। रशीदनगर में ट्यूबवेल तिराहा के पास ई रिक्शा से एक कार में मामूली टक्कर लग गई।
इस पर कार सवार ने रिक्शा चालक से मारपीट की और पेट में पिस्टल से गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गया। सूचना पर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट प्रशांत कपिल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सफेद रंग की बलेनो कार थी। आरोपी खाकी वर्दी पहने था। सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि आसपास की सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कार का नंबर मिला। जिसके आधार पर गोली मारने के आरोपी रिटायर्ड सैनिक कुलिश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मूल रूप से दिल्ली निवासी आरोपी कंकरखेड़ा के फाजलपुर में रहता है। हापुड़ स्थित एसबीआई में गार्ड है। सीओ का कहना है कि आरोपी ने अवैध पिस्टल से वारदात करने के बाद उसे नाले में फेंक दिया। फिलहाल हथियार बरामद नहीं हो सका है।
200 मीटर तक भीड़ ने किया पीछा
ई रिक्शा चालक पर पिस्टल तानकर आरोपी उसे पीट रहा था। इस दौरान कई लोग तमाशबीन बने थे। जैसे ही आरोपी ने ई रिक्शा चालक को गोली मारी तो भीड़ कार की तरफ बढ़ी।
आरोपी ने कार में बैठकर भागने का प्रयास किया तो लोगों ने पथराव कर दिया। लोग 200 मीटर तक कार का पीछा करते रहे, लेकिन आरोपी भाग निकला। इस दौरान कार की टक्कर से बाइक सवार खत्ता रोड निवासी सुलेमान और उनकी पत्नी घायल हो गए।