पेट्रोल उड़ेलकर प्रॉपर्टी डीलर को जिंदा जलाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवशक्ति नगर निवासी रविशंकर सिंघल (38) प्रॉपर्टी डीलर है। करीब दस साल पहले उसने उमेश उर्फ सोनू लोधी के ससुर से 32 मीटर का प्लॉट शिवशक्ति नगर में खरीदा था। रविशंकर ने प्लॉट उमेश को किराए पर दे रखा था। कुछ दिन पहले प्लॉट बेचने की बात होने पर उमेश ने एडवांस के रूप में तीस हजार रुपये रविशंकर को दिए थे।
रविवार सुबह उमेश इस प्लॉट पर निर्माण कराने लगा तो रविशंकर ने वहां पहुंचकर विरोध जता दिया। रविशंकर ने साफ कह दिया कि जब तक पूरा पेमेंट और बैनामा नहीं होगा, वह प्लॉट पर निर्माण नहीं होने देगा। दोनों पक्षों में समझौता होने पर रविशंकर वहां से चला गया था।
दोपहर करीब तीन बजे रविशंकर को सूचना मिली कि उमेश ने फिर से प्लॉट पर चिनाई शुरू करा दी है। इस दौरान रविशंकर के पीछे-पीछे उसका बेटा हिमांशु (14) और भतीजा यश (17) भी वहां पहुंच गए। रविशंकर प्लॉट में घुसा ही था कि छत पर खड़े उमेश ने अपनी पत्नी पूनम की सहायता से कैन से पेट्रोल रविशंकर पर उड़ेल दिया। रविशंकर कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वहां मौजूद उमेश के साथी ने आग लगा दी। चीख पुकार मचने पर हिमांशु और यश ने रविशंकर के कपड़ों में लगी आग बुझाने की कोशिश की तो वे दोनों भी आग की चपेट में आ गए।
आग इस कदर तेजी से फैली कि उसकी चपेट में उमेश का साथी, उमेश और पूनम भी आ गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने रविशंकर, हिमांशु और यश को गंभीर हालत में केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आरोपी दंपति को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जबकि उमेश का साथी झुलसी अवस्था में ही मौके से गायब हो गया।
पुलिस को घेरकर किया हंगामा
घटना के करीब आधा घंटे बाद ब्रह्मपुरी पुलिस केएमसी अस्पताल पहुंची तो रविशंकर के परिजनों और व्यापारियों ने हंगामा कर एक दरोगा को हाथापाई कर भगा दिया। बाद में सीओ ब्रह्मपुरी रफीक अहमद, एसओ ब्रह्मपुरी सतेंद्र यादव, टीपीनगर के कार्यवाहक एसओ संजय कुमार फोर्स के साथ वहां पहुंचे। करीब आधा घंटे तक व्यापारियों ने पुलिस का घेराव करते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस अफसरों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
सबसे ज्यादा झुलसा रविशंकर
पुलिस के अनुसार इस घटना में रविशंकर करीब 75 से 80 प्रतिशत तक झुलसा है। उसकी हालत गंभीर बतायी गई है। एसओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि तहरीर पर आरोपी उमेश, पूनम और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।