यूपी: मुजफ्फरनगर में बाइक सवार बदमाशों से सीधी मुठभेड़, पुलिस की गोली से 25 हजार का इनामी घायल
उत्तर प्रदेश के मुजफरनगर में सोमवार को पुलिस की बाइक सवार दो बदमाशों से सीधी मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया।
दबोचे गए बदमाश की पहचान इनामी आसिफ पुत्र शमशाद निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। सीओ बुढ़ाना गिरताशंकर त्रिपाठी और एसपी देहात नेपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने फरार बदमाश की तलाश में कई घंटे तक काॅम्बिंग की लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। वहीं घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
रतनपुरी थाना क्षेत्र में इंचौडा मार्ग पर पुलिस की बाइक सवार दो बदमाशों से सीधी मुठभेड़ हो गई। इस सम्बंध में एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष रतनपुरी राजेन्द्र गिरि को मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश आसिफ भनवाड़ा में एक मामले के वादियों को धमकी देने आने वाला है। इस पर थानाध्यक्ष राजेन्द्र गिरि व उपनिरीक्षक दुजेन्द्रपाल सिंह पुलिसबल के साथ इंचौडा मोड़ पर चेकिंग शुरू की।
इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश इंचौडा की ओर से आते हुए दिखाई दिए। जिस पर पुलिस ने बदमाशो को रोकने का प्रयास किया। जिस पर बदमाशो ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश को पैर में गोली लगी। जबकि उसका एक साथी जंगल मे फरार हो गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र शमशाद निवासी कलछीना थाना भोजपुर जिला गाजियाबाद के रूप में हुई। पकड़े गए बदमाश आसिफ पर मुजफ्फरनगर से 25 हजार का इनाम भी घोषित है। पकड़े गए बदमाश आसिफ के कब्जे से एक तमंचा एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए है। सीओ बुढाना गिरजा शंकर त्रिपाठी और फील्ड यूनिट ने मौके पर जाँच पड़ताल की।
एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि पकडे गये बदमाश आसिफ ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर गत 13/14 मार्च कि रात में रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव हुसैनाबाद भनवाड़ा निवासी दूल्हे अब्दुल वहाब पुत्र दिलशाद एवं उसके भाई इस्माइल का तमंचे के बल पर अपहरण कर लिया था।
बाद में बदमाशों ने इस्माइल को हाथ पैर बांधकर गांव के बाहर बाग में फेंक दिया था। इस मामले में आसिफ का भी नाम सामने आया था, जबकि चार अभियुक्तों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है।