सऊदी में नौकरी दिलाने के नाम पर हड़पे साढ़े 12 लाख, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। बताया कि मुस्तफाबाद निवासी पांच युवकों को सऊदी अरब में 80 हजार रुपये महीने की नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों ने 12.50 लाख रुपये हड़प लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ितों ने आरोपियों से रुपये लौटाने का तकादा किया तो उन्हें धक्के देकर भगा दिया था। मामला यूपी के मुजफ्फरनगर शहर का है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी गय्यूर ने बताया कि विगत 25 अगस्त 2018 को छपार के गांव खुड्डा निवासी अकरम, असलम और भोपा के गादला निवासी अब्दुल रहमान ने उन्हें सऊदी अरब में 80 हजार रुपये महीना की नौकरी दिलाने की बात कही। इसके लिए ढाई लाख रुपये का खर्च बताया गया। उनकी बातों में आकर गय्यूर ने 28 अगस्त को खुद के साथ ही अपने दो भाइयों शहजाद व अरशद अली व दो परिचित साजिद व हुसैन अहमद के पासपोर्ट के साथ ही फोटो व सभी के खर्च के कुल 12.50 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए।
पीड़ित के अनुसार, सात सितंबर को आरोपियों ने अरशद व गय्यूर के वीजा व हवाई टिकट कलर कॉपी उन्हें देते हुए दस सितंबर की फ्लाइट होना बताया। इसके लिए दोनों युवक नौ सितंबर की रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए, लेकिन आरोपी नहीं आए। उनके मोबाइल भी स्विच ऑफ आते रहे। अगले दिन तक भी उनसे संपर्क नहीं होने पर पीड़ित घर लौट आए।
इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पीड़ित के अनुसार 13 अक्तूबर को आरोपियों के घर होने की सूचना पर वे खुड्डा पहुंचे। जहां अकरम व असलम ने उनके साथ हाथापाई कर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दीं। पीड़ित के अनुसार तहरीर दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/