लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव के बेटे की हत्या में मां-बेटा गिरफ्तार, हरिद्वार में बिताई थी रात
लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव के बेटे की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी शुभम और उसकी मां कौशल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया गया बेसबाल बैट भी बरामद कर लिया है।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला दामोदरपुरी में गुरुवार शाम को कुत्ते के गंदगी फैलाए जाने को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव हरिओम पासवान और पड़ोस में ही रहने वाले शुभम में विवाद हो गया था। झगड़ा होता देख हरिओम का बेटा दीपक और मां सरोद भी पहुंच गईं। शुभम के साथ उसकी मां कौशल और बहन मोनिका डंडे एवं बेसबाल बैट लेकर आ गए और हरिओम, सरोद एवं दीपक पर हमला कर दिया। जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में चिकितसकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद शुभम, कौशल और मोनिका फरार हो गए थे।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को हत्यारोपियों के सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी कर शुभम और उसकी मां कौशल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेसबाल बैट को बाजोरिया रोड पर सड़क किनारे सरकारी शौचालय के पीछे से बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जबकि एक आरोपी मोनिका अभी फरार है।
यह भी पढ़ें: मर्डर: गोली मारकर एक किलोमीटर तक दौड़ाया, किसी घर में घुसा तो खींचकर फिर बरसा दी गोलियां
हरिद्वार में रहे एक दिन
एसपी सिटी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी शुभम और कौशल घर का ताला लगाकर हरिद्वार भाग गए। गुरुवार की रात और शुक्रवार का दिन हरिद्वार में ही बिताया। जबकि मोनिका उनसे अलग होकर बिना बताए ही कहीं अन्य स्थान पर चली गई। शुभम और कौशल दिन ढलते ही ट्रेन से सहारनपुर पहुंचे। रात के अंधेरे में छुपकर कहीं जाने का प्रयास कर रहे थे। उसी समय पुलिस ने पकड़ लिया।
कुत्ते से गंदगी फैलवाने का आरोप
एसपी सिटी ने बताया कि शुभम का कहना है कि हरिओम और दीपक रोजाना कुत्ते से गली में उसके घर के सामने ही गंदगी करवाते थे। कई बार मना किया था। गुरुवार को मना करने के बावजूद उसके घर के सामने ही गंदगी कराई थी, जिस पर झगड़ा हो गया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/