रंगदारी न देने पर सराफ पर जानलेवा हमला, पिस्टल छीनी, आरोपी धमकी देकर फरार
मेरठ के भीड़भाड़ वाले इलाके खैरनगर में 25 लाख की रंगदारी न देने पर एक हत्यारोपी ने सराफा व्यापारी से लूट का प्रयास करते हुए हमला कर दिया। सराफ ने चांदी से भरा बैग नहीं छोड़ा और हत्यारोपी से भिड़ गया। शोर सुनकर सराफ का भाई वहां पहुंचा। दोनों भाइयों ने बदमाश से पिस्टल छीन ली, जबकि आरोपी धमकी देकर फरार हो गया।
देहली गेट थानाक्षेत्र के खैरनगर निवासी शाहनवाज रसूल की सराफा बाजार में चांदी की दुकान है। पुलिस ने बताया कि शाहनवाज को एक माह पूर्व बसपा नेता नासिर के हत्यारोपी सलमान निवासी खैरनगर ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस की जांच में सलमान का नाम सामने आया। देहली गेट थाने में रिपोर्ट भी दर्ज है। लेकिन वह फरार चल रहा था। सराफा व्यापारी ने 25 लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी। जिस पर वह व्यापारी को बार-बार केस वापस लेने और रंगदारी न देने पर धमकी देता था।
बुधवार रात करीब नौ बजे शाहनवाज दुकान से घर लौट रहे थे। घर से चंद कदमों की दूरी पर स्टेट बैंक के पास सलमान ने शाहनवाज को घेर लिया। शाहनवाज के पास से चांदी का बैग छीनने का सलमान ने प्रयास किया। जिस पर शाहनवाज ने शोर मचा दिया। जिस पर शाहनवाज का भाई दौड़कर वहां पहुंचा। दोनों भाईयों ने सलमान से पिस्टल छीन ली। आरोपी भाग गया। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस एक महीने पहले कार्रवाई कर देती तो सलमान यह वारदात नहीं करता।
थाने में हंगामा
सराफा व्यापारी के साथ वारदात होने पर युवा सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने देहली गेट थाने में हंगामा किया। समिति अध्यक्ष बदर अली ने कहा कि सलमान और उसके भाई रहमान ने दो साल पहले घंटाघर पर बसपा नेता नासिर की सरेआम हत्या की थी। जिसमें दोनों भाई जेल गए थे। सलमान जेल से छूटने के बाद लगातार वारदात कर रहा है।
कहां से लाया अत्याधुनिक पिस्टल
एसओ देहलीगेट रविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सलमान शातिर अपराधी है। पीड़ित दोनों भाइयों ने आरोपी से पिस्टल छीनी है। उक्त पिस्टल अत्याधुनिक है। जिसकी कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सलमान की तलाश में कई जगह पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस का कहना है कि सलमान के घर पर ताला लगा हुआ है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/