{"_id":"7135cbc6ca4927f464ce6bf2143fc965","slug":"meerut-crime-news-hindi-news-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"तिहाड़ से छूटकर आए बदमाशों ने बनाया था दाल व्यापारी को निशाना","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तिहाड़ से छूटकर आए बदमाशों ने बनाया था दाल व्यापारी को निशाना
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Sat, 31 Oct 2015 12:56 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दाल व्यापारी से हुई दिनदहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोच कर खुलासा कर दिया। पुलिस ने व्यापारी से लूटे गए 11 लाख रुपये में से 7.4 लाख रुपये भी बरामद कर लिए, जबकि दो बदमाश अब भी फरार हैं। पुलिस ने दो पिस्टल और लूट में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए हैं।
विज्ञापन
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी ओपी सिंह ने बताया कि 24 अक्तूबर दाल कारोबारी सुशील कुमार से बागपत चौराहा फ्लाईओवर के नीचे हथियारबंद बदमाशों ने 11 लाख रुपये लूट लिए थे। एसएसपी डीसी दूबे ने एसपी क्राइम तेजस्वरूप सिंह और एसपी सिटी ओपी सिंह के नेतृत्व में टीम को जांच की जिम्मेदारी दी।
विज्ञापन
क्राइम ब्रांच सीओ वीएस वीर कुमार, प्रभारी क्राइम ब्रांच संजीव यादव और एसओ टीपीनगर प्रशांत कपिल के साथ जांच में लगी टीम ने लूट की वारदात करने वाले पांच आरोपियों को दबोच लिया और उनके पास से लूटी गई रकम में से 7.4 लाख रुपये भी बरामद कर लिए।
विज्ञापन
आरोपियों में सबसे पहले पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाशिम उर्फ शाहिल को दबोचा। पुलिस ने सरगना सुरेंद्र राणा पुत्र भगवत सिंह निवासी वैरा फिरोजपुर थाना स्याना जिला बुलंदशहर हाल निवासी रिठानी थाना परतापुर, आकिल पुत्र सलामुद्दीन सैफी निवासी ग्राम बसात थाना जानसठ मुजफ्फरनगर हाल निवासी मुरलीपुर थाना कंकरखेड़ा, हाशिम उर्फ शाहिल पुत्र इरशाद निवासी सिवालखास थाना जानी, नितिन पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी जागृति विहार थाना मेडिकल मूल निवासी ग्राम चित्ती थाना सिकंदराबाद बुलंदशहर, महेश पुत्र श्योराज सिंह निवासी ग्राम खानपुर थाना जानी को गिरफ्तार किया। वहीं आरोपी अनीस निवासी दोघट बागपत और राहुल निवासी ब्रह्मपुरी सेक्टर-3 अब भी फरार हैं।
ये हुआ बरामद
लूटे गए 7.4 लाख रुपये
.32 बोर दो पिस्टल, 5 कारतूस
315 बोर के 3 तमंचा, 6 कारतूस
घटना में प्रयुक्त एक कार और दो बाइक
तिहाड़ जेल में मिले थे आकिल और सुरेंद्र
एसपी सिटी ने बताया कि आकिल ने दिल्ली में 2014 में 60 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था और वह तिहाड़ जेल में था। वहीं चोरी की वारदात में सुरेंद्र राणा भी तिहाड़ जेल में था। तिहाड़ में ही आकिल और सुरेंद्र की जान पहचान हुई थी। वहीं हाशिम, नितिन और महेश के साथ आकिल और सुरेंद्र की मुलाकात जुआं-सट्टा खेलने के कारण हुई। सभी एक साथ सट्टा खेलते थे।
सितंबर से राहुल कर रहा था व्यापारी की रेकी
पूछताछ में सुरेंद्र राणा ने बताया कि तिहाड़ जेल से छूटने केबाद जून 2015 को मेरठ अपने पूर्व परिचित राहुल से मिला। राहुल मंडी में ही काम करता है और सुशील कुमार के बारे में बताया कि वह हर शनिवार को बड़ा कैश लेकर दिल्ली जाता है। सुशील कुमार से लूट की घटना को अंजाम देने के लिए राहुल सितंबर से व्यापारी की रेकी कर रहा था। सुरेंद्र ने बताया कि पूरी रेकी करने के बाद मैंने राहुल, आकिल, हाशिम और नितिन के साथ मिलकर व्यापारी से लूट करने की योजना बनाई।
घर से मोटरसाकिल से किया पीछा
सुरेंद्र राणा ने बताया कि घटना के दिन वह आकिल, हाशिम, आकिल का बहनोई अनीस (फरार) सुशील कुुमार के घर के पास दो मोटरसाइकिल लेकर खड़े थे। वहीं हाशिम की स्विफ्ट कार में नितिन और हाशिम का दोस्त महेश बागपत बाईपास फ्लाईओवर के पास मोड़ पर खड़े थे। सुशील जैसे ही घर से निकले, बदमाशों ने उनका पीछा किया। सुशील जैसे ही बागपत फ्लाईओवर से दिल्ली की तरफ मुडे़ तो नितिन ने व्यापारी की कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। गाड़ी रुकते ही सुरेंद्र राणा, अनीस बाइक से उतरे और सुरेंद्र ने सुशील की कार का शीशा तोड़ दिया। उधर, स्विफ्ट से उतरे महेश ने व्यापारी को अंदर धकेला और ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। व्यापारी को मय गाड़ी लेकर सुशांत सिटी पहुंचे और व्यापारी से रास्ते में कैश लूट कर उसे सुंशात सिटी पर छोड़ दिया और बिग बाइट पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
भोला की झाल पर बांटी लूट की रकम
सुरेंद्र ने बताया कि लूट के बाद उन्होंने भोला रोड पर स्विफ्ट कार में रुपये बांट लिए। सभी के हिस्से में 1.57 लाख रुपये आए। इसके बाद सभी अलग-अलग चले गए।
मैं नहीं जानता कौन है राहुल
प्रेसवार्ता में मौजूद रहे दाल व्यापारी सुशील कुमार ने कहा कि वह पुलिस के खुलासे से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में कई राहुल नाम के व्यक्ति हैं, अब पुलिस किस राहुल के बारे में बात कर रही है। वह नहीं जानते। जब वह सामने आएगा तभी बता सकूंगा। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि पुलिस ने घटना का खुलासा किया और व्यापारी का लूट का काफी कैश बरामद हुआ, जोकि सराहनीय कार्य है, लेकिन पुलिस को व्यापारियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं को रोकने की जरूरत है।