{"_id":"65bf5b43340d699db39693dae9b320ac","slug":"meerut-crime-news-hindi-news-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"व्यापारी का अपहरण कर 11 लाख रुपये लूटे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
व्यापारी का अपहरण कर 11 लाख रुपये लूटे
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Sun, 25 Oct 2015 02:10 AM IST
विज्ञापन
हथियारों से लैस चार बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाडे़ एक कारोबारी से लूटपाट की दुस्साहसिक वारदात की। बदमाशों ने ओवरटेक कर कारोबारी की स्विफ्ट का शीशा तोड़ा और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर हाईवे पर ले गए। बाद में कारोबारी को चलती कार से फेंककर कार को परतापुर हाईवे पर छोड़ गए और कार में रखे 11 लाख रुपये ले गए। बदमाशों की भागने के बाद पुलिस लकीर पीटती रही।
विज्ञापन
मामला बागपत रोड पर मलियाना पुलिस चौकी के पास भीड़भाड़ वाले इलाके का है। गुलमोहर कॉलोनी, टीपीनगर निवासी सुशील बंसल की मोहकमपुर में दाल मिल है। जबकि नवीन गल्ला मंडी में अग्रवाल ब्रदर्स के नाम से उनकी फर्म है। सुबह करीब 10:30 बजे सुशील अपनी स्विफ्ट कार से कारोबार के संबंध में दिल्ली जा रहे थे। मलियाना पुल पार करते ही दो बाइक पर चार हथियार बंद बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार का शीशा तोड़ दिया।
विज्ञापन
इससे पहले कारोबारी कुछ समझते कि तीन बदमाश जबरन गाड़ी में बैठ गए और कारोबारी को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद बदमाश कारोबारी को स्विफ्ट में लेकर परतापुर हाईवे स्थित सुशांत सिटी के पास पहुंच गए और वहां चलती कार से उन्हें बाहर फेंक दिया। बिग बाइट के पास बदमाशों ने स्विफ्ट को छोड़ा और नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। कारोबारी ने बैग में 11 लाख रुपये बताए हैं।
विज्ञापन