खुलासा: अनुच्छेद 370 पर टिप्पणी को लेकर हुआ था विवाद, एथलीट को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद की गई टिप्पणी पर हुए विवाद में एथलीट यश पुंडीर को गोली मारी गई थी। पुलिस ने नामजद आरोपी मोहित राणा और उसके साथी सन्नी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। आरोपी सन्नी भलस्वा ग्राम प्रधान का पुत्र है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले के दौरान प्रयोग हुई सफारी कार एवं अवैध पिस्टल बरामद किया है। जबकि पांच आरोपी अभी फरार हैं।
सहारनपुर जनपद में मोहल्ला पंत विहार निवासी एथलीट यश प्रताप सिंह पुंडीर पर हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुरुवार सुबह करीब सवा आठ बजे उपनिरीक्षक असगर अली और उपनिरीक्षक लोकेंद्र राणा के नेतृत्व में पुलिस ने घंटाघर पर चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी ग्राम भलस्वा निवासी मोहित राणा और उसके साथी सोहन उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग की गई सफारी कार एवं अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि राजपूत युवा सहारनपुर नाम से व्हाट्सएप ग्रुप पर मोहित और यश की चैटिंग के दौरान बहस हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दे डाली। छह अगस्त की सुबह व्हाट्सएप पर ही मैसेज करके एक दूसरे को स्टेडियम पर बुला लिया गया। जहां मोहित राणा सफारी कार में अपने छह साथियों के साथ पहुंचा और यश को गोली मार दी थी।
एसएसपी ने बताया कि अभी पांच आरोपी ग्राम भलस्वा निवासी शेखर, अभय उर्फ ईलू, कुलदीप, दुष्यंत तथा अंकुर फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
मोहित ने टिप्पणी की थी, यश ने किया था विरोध
एसएसपी ने बताया कि राजपूत युवा सहारनपुर नाम से व्हाट्सएप ग्रुप पर कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को लेकर टिप्पणी की जा रही थी। इसी दौरान मोहित राणा ने कश्मीर जाने को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। यश ने उसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर व्हाट्सएप पर दोनों में बहस छिड़ गई। इसे इतना तूल दे दिया गया कि लगातार तीन दिन तक इसी मुद्दे पर बहस होती रही। कुछ लोगों ने दोनों को समझाया भी। लेकिन दोनों ही अपनी बात बड़ी करने पर अड़े रहे। जिसका परिणाम गोलीकांड के रूप में सामने आया।
भलस्वा प्रधान का बेटा है सन्नी
एसएसपी ने बताया कि आरोपी कोई काम नहीं करते, लेकिन संपन्न परिवार से हैं। आरोपी मोहित के परिवार के पास खेती काफी अच्छी है। जबकि गिरफ्तार दूसरा आरोपी सोहन उर्फ सन्नी ग्राम भलस्वा की प्रधान कुसुम का पुत्र है। सन्नी के पिता राकेश भी पूर्व प्रधान हैं।
मोहित पर पहले भी दर्ज है जानलेवा हमले का मामला
एसएसपी ने बताया कि ग्राम भलस्वा निवासी मोहित राणा पर पूर्व में जानलेवा हमला एवं एससी, एसटी एक्ट में मामला दर्ज है। उसने वर्ष 2017 में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल किया था। जिसके चलते वह जेल भी गया था।
यश प्रताप से भी होगी पूछताछ
एसएसपी ने बताया कि एथलीट यश प्रताप सिंह पुंडीर से भी पूछताछ की जाएगी। यश ने सोशल मीडिया पर अवैध शस्त्रों के साथ कई फोटो अपलोड किए हुए हैं। यह हथियार कहां से उसके पास आए। आशंका है कि यश के पास भी अवैध हथियार हो। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि यश भी शब्बीरपुर मामले को लेकर अंबेहटा चांद में हुए हमले का आरोपी है। हालांकि आरोपी ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया था।
मोहित ने यश पर ही लगा दिए आरोप
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी मोहित ने पूछताछ में बताया कि जब वह स्टेडियम गेट पर पहुंचा उस समय यश अपने साथ कुछ साथियों को लेकर आया था और उसका ही इंतजार कर रहा था। जैसे ही मोहित वहां पहुंचा तो दोनों में विवाद हुआ। मोहित का आरोप है कि यश ने अपने बैग से हथियार निकालने की कोशिश की, तभी उसने यश को गोली मार दी। गोली लगते ही यश के अन्य साथी भाग गए थे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/