मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक के मकान में किशोरी से दुष्कर्म, दीवार फांदकर घुसे युवक ने की वारदात
- दीवार फांदकर घुसे सुजड़ू के युवक ने की वारदात
- पुलिस ने आनन-फानन में दर्ज की रिपोर्ट, फरार आरोपी की तलाश
विस्तार
मूल रूप से जनपद सोनभद्र निवासी व्यक्ति ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि करीब 20 साल से वह जनपद में रह रहा है। काफी समय से वह एक पूर्व विधायक के मकान में रहते हुए उनकी गाड़ी चलाता है, जबकि उसकी पत्नी भी पूर्व विधायक की कोठी में घर का काम करती है।
पीड़ित के अनुसार, सोमवार सुबह वह और पत्नी पूर्व विधायक के यहां ड्यूटी पर चले गए थे, जिसके बाद उसकी 12 साल की बेटी अपनी चार व पांच साल की दो बहनों के साथ घर पर थी। करीब 11.30 पर पीड़ित घर पहुंचा तो वहां उसकी नाबालिग बेटी बदहवास हालत में पड़ी रो रही थी।
पूछे जाने पर किशोरी ने गांव सुजड़ू के कूंगर पट्टी निवासी करीम पुत्र आरिफ उर्फ पप्पू पर दीवार फांदकर घर में घुसने और उसे कमरे में खींचकर दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी। बेटी के साथ हुई वारदात के बारे में जानकारी लगते ही पीड़ित के होश उड़ गए।
उसने तत्काल पूर्व विधायक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद देर शाम शहर कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई। मामला पूर्व विधायक के चालक से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने तत्काल तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी करीम की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस अब पीड़ित किशोरी का मेडिकल कराने की तैयारी कर रही है।
इन्होंने कहा
इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि पीड़िता का पिता पूर्व विधायक के यहां चालक है। उसकी बेटी के साथ घटना हुई है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।