गोकशी के बाद तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, एक गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली कि हर्रा गांव के जंगल में गोवंश का कटान किया गया है और कुछ युवक मीट लेकर भाग रहे हैं। सूचना पर सीओ सरधना और एसओ सरूरपुर सतीश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच हर्रा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार को रोकने का इशारा किया तो कार में सवार युवकों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो युवक कार से कूद कर भागने लगे। इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लग गई और घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। एसओ ने बताया कि घायल युवक ने अपना नाम बिलाल उर्फ गुलाब पुत्र अखलाक उर्फ काको निवासी हर्रा बताया है। कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर से करीब 50 किलो मांस व काटने के औजार बरामद हुए है। घायल के पास से एक पुलिस ने एक तमंचा, तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल ने अपने फरार साथियों के नाम भोला पुत्र सलीम, अकरम पुत्र आसू, आसिफ पुत्र यामीन निवासी हर्रा व छंगा पुत्र सलीम निवासी नंगला भंनवाड़ा थाना बुढ़ाना बताए हैं। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बताया कि मौके से काले रंग के गोवंश के अवशेष भी बरामद हुए हैं। मीट के सैंपल भरवाकर मीट और अन्य अवशेष मिट्टी में दबवा दिए। सभी पांचों युवकों पर गोवध अधिनियम और पुलिस पर जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बिलाल पर नौ मामले दर्ज हैं।
दिन में रेकी, रात में गोवंश कटान
सीओ पंकज सिंह ने बताया कि घायल बिलाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि हर्रा, खिवाई और आसपास के जंगल में गोवंश घूमते हैं। उनके गिरोह में पांच युवक शामिल हैं, दिन में वह रेकी करते हैं और रात में जंगल में गोवंश का कटान पर मीट को गाड़ी में ले जाकर सप्लाई कर देते हैं। जबकि अन्य अवशेष जंगल में ही छोड़ देते हैं। बिलाल ने बताया कि सोमवार रात्रि तीन बजे भी उन्होंने गोवंश का कटान किया था।
तीन दिन में दूसरी घटना
शनिवार सुबह भी रोहटा पुलिस ने गोकशी की घटना में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। जहां आरोपियों ने दो गोवंश का कटान करने की बात पुलिस के सामने कबूली थी। इस मामले में पुलिस ने नईम निवासी फरीदनगर थाना भोजपुर गाजियाबाद, नफीस सिंधावली थाना कंकरखेड़ा व आसिफ लिसाड़ीगेट को गिरफ्तार किया था।
सैंपल भेज दिए गए हैं
मीट के सैंपल भरवाकर भेज दिए गए हैं। अवशेष के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर गोवध अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। - अविनाश पांडेय, एसपी देहात