मुजफ्फरनगर में फिर मुठभेड़, एक बदमाश को मारी गोली, दूसरा आरोपी फरार
यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में एक बार फिर से पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जौली रोड पर ठेकेदार से बाइक और नकदी लूट कर भाग रहे एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में धर दबोचा। पुलिस की गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया। एक दरोगा भी बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण गोली लगने से बच गया। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश से लूटी गई बाइक और नकदी के अलावा तमंचा भी बरामद हुआ। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस लगी है। एसपी सिटी ने भी मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।
एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि शहर कोतवाली के मिमलाना रोड निवासी जल निगम का ठेकेदार मुस्तकीम अपने साथी कवर हसन के साथ गुरुवार शाम को नई मंडी कोतवाली के गांव कूकड़ा से शहर आ रहा था। दोनों बाइक से लौट रहे थे। जौली रोड पर खड़े दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने दोनों को रोका और तमंचे दिखा कर आतंकित कर उन से पल्सर बाइक और 540 रुपए आदि सामान लूट लिया। पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी।
वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस नांकेबंदी कर चेकिंग में लग गई। जानसठ बस स्टैंड के पास नई मंडी कोतवाली के एसएसआई मदनपाल सिंह बिष्ट, कूकड़ा चौकी प्रभारी कर्ण नागर, एसआई नरेश भाटी को पल्सर बाइक पर दो युवक तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस के रोकने पर बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस पर फायर किया, जो एसआई कर्ण नागर की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और एटूजेड़ रोड पर वेदांता कॉलोनी के पास बदमाशों की घेराबंदी कर ली। इसी दौरान बदमाशों की बाइक फिसल गई। बदमाश फायर करते हुए भाग गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से वहीं गिर गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है।
एसपी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मंसूरपुर के गांव दूधाहेड़ी निवासी अरमान पुत्र इकबाल है, जो वर्तमान में मेरठ के कबसा इंचौली में रह रहा है, जबकि फरार हुआ बदमाश बागोवाली गांव निवासी सद्दाम पुत्र इसरार बताया गया है। वह गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा है। घायल बदमाश अरमान के कब्जे से लूटी गई बाइक, नकदी आदि सामान समेत एक तमंचा, चार कारतूस बरामद हुए। घायल बदमाश को स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। फरार बदमाश की तलाश जारी है। पकड़े गए बदमाश के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/